ढाई लाख से ज्यादा संसाधन, फिर भी कचरा प्रबंधन फेल! MP के 93% गांवों में घर-घर कचरा उठाने की व्यवस्था नहीं
मध्य प्रदेश के गांवों में कचरा प्रबंधन की स्थिति चिंताजनक है, जहां 93% घरों से कचरा नहीं उठाया जा रहा। सुप्रीम कोर्ट निगरानी समिति की रिपोर्ट बताती है कि लाखों संसाधन होने के बावजूद डोर-टू-डोर संग्रहण लक्ष्य से बहुत पीछे है।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
93% गांवों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था नहीं।
लाखों संसाधन होने पर भी प्रबंधन लक्ष्य से पीछे।
केवल 2% ग्राम पंचायतों में ही कचरा पृथक्करण।
अनुज मैना, भोपाल। गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए प्रदेश में संसाधनों और निगरानी का सरकारी ढांचा तो खड़ा कर दिया गया है, लेकिन घरों से कचरा उठाने और उसका पृथक्करण करने की बुनियादी व्यवस्था अब भी बेहद कमजोर है। स्थिति यह है कि प्रदेश के 93 प्रतिशत गांवों में घरों से कचरा उठाने की व्यवस्था नहीं हो पाई है। यही नहीं, 98 प्रतिशत जिलों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए विशेष सेल गठित होने का दावा किया गया है।
लक्ष्य से अब भी काफी पीछे
कचरे का चार तरह से पृथक्करण (सेग्रीगेशन) करने की व्यवस्था तो केवल दो प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक ही पहुंच सकी है, जबकि लक्ष्य 15 प्रतिशत का रखा गया था। यानी गांवों में कचरा उठाने और उसे गीला, सूखा सहित चार श्रेणियों में अलग करने की व्यवस्था सरकारी लक्ष्य से भी काफी पीछे है।
यह जानकारी भोपाल नगर निगम बनाम सुभाष सी. पांडे केस में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन की निगरानी कर रही सुप्रीम कोर्ट निगरानी समिति (एससीएमसी) की रिपोर्ट में हुआ है। इसके अनुसार, प्रदेश में घर-घर से कचरा संग्रहण का लक्ष्य 50 प्रतिशत रखा गया था, लेकिन दो नवंबर 2026 तक इसकी उपलब्धि महज सात प्रतिशत दर्ज की गई।
कचरा उठाने के लिए संसाधन भरपूर, फिर भी काम नहीं
प्रदेश की 22,708 ग्राम पंचायतों और 51,043 गांवों के लिए कुल 2,53,947 संसाधन दर्ज किए गए हैं। इनमें 1,75,379 सामुदायिक कंपोस्ट पिट, 38,573 कचरा संग्रहण एवं परिवहन वाहन, 24,118 कचरा संग्रहण और पृथक्करण शेड, 14,162 सामुदायिक स्थानों पर पृथक्करण बिन और 1,715 सामुदायिक बायोगैस संयंत्र शामिल हैं। इसके बावजूद कचरा संग्रहण की स्थिति खराब है।
यह भी पढ़ें- MP के सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ियों में बदलेगा भोजन का मेनू, अब थाली में मिलेंगे मालवा से बुंदेलखंड तक के व्यंजन
बालाघाट में सर्वाधिक, आगर-मालवा में सबसे कम संसाधन
जिलों में उपलब्ध संसाधनों के आंकड़े भी असमानता दिखाते हैं। बालाघाट में सर्वाधिक 12,074 संसाधन दर्ज हैं। इसके बाद छिंदवाड़ा में 11,210, सागर में 10,001 और रायसेन में 8,879 संसाधन हैं। वहीं, आगर-मालवा में सबसे कम 974 संसाधन ही उपलब्ध हैं। ऐसे में सवाल केवल संसाधनों की संख्या का नहीं, बल्कि उनके उपयोग और गांवों तक नियमित सेवा पहुंचने का भी है।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का उद्देश्य केवल संसाधन जुटाना या कागजों पर व्यवस्था बनाना नहीं, बल्कि गांवों में कचरे का नियमित संग्रहण, पृथक्करण और वैज्ञानिक निपटान सुनिश्चित करना है। सरकार को प्रत्येक ग्राम पंचायत में संसाधनों की वास्तविक उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति और नियमित उपयोग का भौतिक सत्यापन कराना चाहिए।
- डॉ. सुभाष सी. पांडे, पर्यावरणविद्
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।