विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP के सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ियों में बदलेगा भोजन का मेनू, अब थाली में मिलेंगे मालवा से बुंदेलखंड तक के व्यंजन

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:34 PM (IST)

मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अब स्थानीय और पारंपरिक व्यंजनों को भोजन में शामिल किया जाएगा। यह बदलाव पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत किया जा रहा है, जिसमें बच्चों की पसंद और पोषण का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. स्कूलों, आंगनबाड़ी में अब मिलेंगे स्थानीय व्यंजन।

  2. सप्ताह में एक दिन पारंपरिक भोजन देना अनिवार्य।

  3. बच्चों की पसंद, पोषण का रखा जाएगा ध्यान।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। प्रदेश के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में दिए जाने वाले भोजन में अब विभिन्न अंचलों के व्यंजन शामिल होंगे। कहीं मुनगा (सहजन) की हरी पट्टी रोटी में मिलाई जाएगी तो कहीं बाजरा कहीं चुकंदर तो कहीं बथुआ। सप्ताह में काम से कम एक दिन अंचल का पारंपरिक भोजन देना अनिवार्य होगा रोटी-पुरी हरी, गुलाबी थाली में नजर आएगी।

इसके लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की नई मार्गदर्शिका जारी की है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी इसके अनुरूप ही निर्देश दिए हैं।

बच्चों की पसंद का भी रखेंगे ख्याल

नई मार्गदर्शिका में भोजन की योजना बनाते समय स्कूल प्रबंधन समितियों को अभिभावकों और विद्यार्थियों से भी सुझाव लेने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बच्चों को स्थानीय खानपान से जुड़े पौष्टिक और पसंदीदा व्यंजन मिल सकेंगे। भोजन में अनाज, दालों, हरी सब्जियों और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

मालवा से जनजातीय अंचल तक थाली में दिखेगी क्षेत्रीय विविधता

विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार मालवा में भुट्टे का कीस, दाल बाफला, सेव टमाटर की सब्जी, दलिया, दाल पानिया या मक्का ज्वार की भाकरी दी जाएगी। इंदौर-महाकोशल के क्षेत्र में कोदो कुटकी का उपयोग होगा। विंध्य-बुंदेलखंड में बेसन के चीले, महेरी, ग्वालियर चंबल में बाजरे की राबड़ी को शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Sting Operation: एमपी में ढाई लाख रुपये में ANM की नौकरी का सौदा, बड़े अधिकारी का ड्राइवर कर रहा दलाली

इसी तरह जनजातीय क्षेत्र में महुआ अलसी के लड्डू कोदो कुटकी की खीर खिचड़ी दी जाएगी। गाजर, चुकंदर को मिलाकर रोटी बनेगी, जिससे वह गुलाबी नजर आएगी। वहीं, मुनगा की पत्तियों को सुखाकर उसका पाउडर बनाया जाएगा, जिसे आटे, दाल व खिचड़ी में मिलाया जाएगा। इससे भोजन पौष्टिक होता है। सेम, बरबटी, हरा चना, मूंग दाल, सोया बड़ी आदि भी भोजन का हिस्सा होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।