विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Sting Operation: एमपी में ढाई लाख रुपये में ANM की नौकरी का सौदा, बड़े अधिकारी का ड्राइवर कर रहा दलाली

Published: Thu, 26 Nov 2026 01:59 AM (IST)

दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया के स्टिंग ऑपरेशन में मध्य प्रदेश में एएनएम भर्ती में ढाई लाख रुपये तक में नौकरी का सौदा उजागर हुआ है। दलाल लोक स्वास्थ्य विभाग की अपर मिशन संचालक डॉ. वंदना खरे के माध्यम से नौकरी लगवाने का दावा कर रहे थे, जिस पर स्वास्थ्य संचालक ने जांच का आश्वासन दिया है।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. स्टिंग ऑपरेशन में मप्र में एएनएम भर्ती में ढाई लाख के सौदे का खुलासा।

  2. दलाल अपर मिशन संचालक डॉ. वंदना खरे के नाम पर पैसे मांग रहे थे।

  3. स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मुकेश विश्वकर्मा/अनुज मैना, भोपाल। स्वास्थ्य विभाग में चल रही एएनएम भर्ती का खुलेआम सौदा हो रहा है। इस खेल को उजागर करने के लिए 'नईदुनिया' ने खुफिया कैमरे पर दलालों से सौदेबाजी रिकार्ड की है। रिपोर्टर ने अभ्यर्थी बनकर एक बिचौलिए से संपर्क किया तो उसने 2024 बैच की एएनएम अभ्यर्थी के लिए 2.60 लाख रुपये और 2023 बैच के लिए 2.25 लाख रुपये मांगे।

बातचीत में उसने लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अपर मिशन संचालक डॉ. वंदना खरे के माध्यम से नौकरी लगवाने का दावा किया। इतना ही नहीं, पूरी रकम मिलने पर नियुक्ति पत्र दिलाने और काम नहीं होने पर रुपये लौटाने का भरोसा भी दिया।

वंदना खरे का पक्ष जानने के लिए उन्हें फोन किया तो उन्होंने कहा कि वह शहर से बाहर हैं और भोपाल लौटकर इस पर बात करेंगी। इसके बाद उन्हें वाट्सएप पर भी संदेश भेजा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

2023 व 2024 में हुई थीं भर्तियां

बता दें, मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की ओर से समूह-5 भर्ती परीक्षा-2023 और 2024 का आयोजन किया गया था। इसमें स्टाफ नर्स, महिला बहुउद्देश्यीय कार्यकर्ता यानी एएनएम, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी और अन्य समकक्ष पद की सीधी भर्ती और बैकलॉग सीधी भर्ती के लिए कुल 4792 पद का विवरण जारी किया गया था। इसमें अकेले एएनएम के 2612 पद थे। इनमें सीधी भर्ती के 1290 पद और बैकलॉग सीधी भर्ती के 1322 पद शामिल थे।

यह भी पढ़ें- MP के 11 लाख कर्मचारियों-पेंशनरों को मिल सकता है 20 लाख तक कैशलेस इलाज, 2027 से योजना लागू होने की उम्मीद

दलाल-रिपोर्टर की बातचीत का यूं चला सिलसिला...

रिपोर्टर: भैया मैं विदिशा से आया हूं। आपसे फोन पर बात हुई थी। एएनएम भर्ती है आप करवा दोगे।
दलाल: किसका करवाना है।
रिपोर्टर: मेरी पत्नी है।
दलाल: आनलाइन फार्म भरा है क्या।
रिपोर्टर: हां।
रिपोर्टर : पहले आप यह तो बताओ जुगाड़ हो जाएगा।
दलाल: 2024 का है तो 2.60 लाख रुपये लगेंगे। 2023 का है तो सवा दो लाख लगेंगे। च्वाइस फिलिंग भर देना। फार्म भरकर एक कापी मेरे को भेज देना। मैडम को दे दूंगा।
रिपोर्टर: पहले कितना देना पड़ेगा?
दलाल: प्रक्रिया पूरी होने से दो दिन पहले पूरा पेमेंट ले लेते हैं। दस्तावेज पूरा होने के बाद फाइनल बता देंगे। काम नहीं होगा तो पैसे वापस मिल जाएंगे। मैं खानूगांव में रहता हूं। आपको अपना घर दिखा दूंगा। भाई, इसमें आपको एक ही बार पैसा देना है, बार-बार नहीं देना है। जिस काम के लिए बात हुई है, वह काम हो जाएगा। जितनी बात हुई है, ढाई की बात हुई है तो ढाई लाख रुपये हो जाएंगे। अपना काम हो जाएगा और संबंधित आदमी (जिसकी नौकरी लगनी है) भी किसी परेशानी में नहीं आएगा। आपको नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। लेकिन जगह की गारंटी नहीं होगी।

एएनएम भर्ती के नाम पर पैसे मांगने के मामले की जांच करवाई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज पुष्प, संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, मध्य प्रदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।