विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP के 11 लाख कर्मचारियों-पेंशनरों को मिल सकता है 20 लाख तक कैशलेस इलाज, 2027 से योजना लागू होने की उम्मीद

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:31 PM (IST)

मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना जल्द शुरू हो सकती है। इस योजना के तहत 2027 से 11 लाख हितग्राहियों को 20 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल सकेगा।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. सरकारी कर्मचारियों, पेंशनरों को मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ।

  2. योजना 2027 से लागू, 20 लाख रुपये तक का कवर।

  3. मासिक अंशदान से संचालित होगी यह स्वास्थ्य बीमा योजना।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। करीब छह साल से लंबित इस प्रस्ताव को अब नए सिरे से आगे बढ़ाने की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग की अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी के सामने जल्द ही योजना का ड्राफ्ट प्रस्तुत किया जाएगा। उनकी सहमति मिलने के बाद इसे कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। सब कुछ प्रस्ताव के मुताबिक रहा तो वर्ष 2027 से कर्मचारियों और पेंशनरों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकती है।

योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवार को सालाना 20 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार का लाभ देने का प्रस्ताव है। वहीं, पेंशनरों के लिए पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर रखा गया है। इसके लागू होने से प्रदेश के करीब 11 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को फायदा मिलने की संभावना है।

वेतन और पेंशन से कटेगा मासिक अंशदान

स्वास्थ्य बीमा योजना के संचालन के लिए कर्मचारियों और पेंशनरों से मासिक अंशदान लेने का प्रस्ताव है। इसके तहत कर्मचारियों के मूल वेतन का एक प्रतिशत और पेंशनरों की मासिक पेंशन का चार प्रतिशत अंशदान लिया जा सकता है।

इस व्यवस्था से जुटाई गई राशि का उपयोग हितग्राहियों के उपचार पर किया जाएगा। गंभीर बीमारियों और महंगे इलाज की स्थिति में कर्मचारियों को अपनी जेब से बड़ी रकम खर्च करने से राहत मिलने की उम्मीद है।

परिवार के इन सदस्यों को भी मिलेगा लाभ

प्रस्तावित योजना में कर्मचारियों के परिवार को भी शामिल किया गया है। इसके तहत पति या पत्नी, माता-पिता और दो आश्रित बच्चों को लाभ देने की व्यवस्था प्रस्तावित है। दत्तक संतान और तलाकशुदा पुत्री को भी पात्रता के दायरे में रखने का प्रावधान है।

पेंशनरों के पति या पत्नी को भी स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल सकेगा। प्रत्येक हितग्राही के लिए फोटोयुक्त विशिष्ट पहचान वाला डिजिटल कार्ड बनाया जाएगा, जिसके माध्यम से अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।

आयुष्मान और CGHS से जुड़े अस्पतालों में इलाज

योजना के तहत प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध अस्पतालों को शामिल करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS) से जुड़े अस्पतालों और मध्य प्रदेश के बाहर चिह्नित अस्पतालों में भी उपचार की सुविधा मिल सकती है।

आयुष्मान भारत योजना के सीईओ अरविंद शाह के अनुसार, स्वास्थ्य बीमा योजना का ड्राफ्ट तैयार है। दूसरे राज्यों में लागू स्वास्थ्य योजनाओं का अध्ययन करने के बाद बेहतर प्रावधान शामिल करने का प्रयास किया गया है।

यह भी पढ़ें- MP में आउटसोर्स कर्मचारियों पर नहीं गिरेगी छंटनी की गाज, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

छह साल से अटकी योजना 

सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना का प्रस्ताव लंबे समय से लंबित है। अब स्वास्थ्य विभाग के नए नेतृत्व के सामने इसे प्रस्तुत करने की तैयारी है। एसीएस की सहमति और कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही योजना के लागू होने का रास्ता साफ होगा।

यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगे इलाज के खर्च से बड़ी राहत मिल सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।