विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में गायों की नस्ल सुधारने हर साल तैयार होंगे एक लाख भ्रूण, हर विधानसभा में वृंदावन गांव; गोवर्धन पूजा पर CM मोहन ने की घोषणा

Published: Mon, 09 Nov 2026 06:52 PM (IST)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा पर घोषणा की कि प्रदेश में देसी गायों की नस्ल सुधारने और गौवंश ...और पढ़ें

सीएम डॉ. मोहन यादव ने की गोवर्धन पूजा। (सौजन्य- जनसंपर्क विभाग)

सीएम डॉ. मोहन यादव ने की गोवर्धन पूजा। (सौजन्य- जनसंपर्क विभाग)

HighLights

  1. भोपाल के रवींद्र भवन में हुआ गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह।

  2. प्रदेश के 466 विजयी पशुपालकों को मिले 2 करोड़ 95 लाख रुपये।

  3. 5.51 लाख निराश्रित गोवंश के भरण-पोष्ज्ञण के लिए दिए 65 करोड़ 66 लाख।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश में देसी गायों की नस्ल सुधारने और गौवंश की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार बड़ा प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में घोषणा की कि प्रदेश में हर साल एक लाख गौवंश भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इसके लिए 50 एकड़ जमीन पर विशेष प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस तकनीक के इस्तेमाल को लेकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मंजूरी मिल चुकी है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत चयनित 466 पशुपालकों को 2 करोड़ 95 लाख रुपये की पुरस्कार राशि अंतरित की। इसके साथ ही प्रदेश की तीन हजार पंजीकृत गोशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये का अनुदान जारी किया। इस दौरान उत्कृष्ट पशुपालकों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

गांव-गांव की गायों तक पहुंचेगी भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से उन्नत नस्ल की गायों की संख्या बढ़ाने पर काम किया जाएगा। जीरो साहिवाल की बछिया और आवारा गौवंश के भ्रूण प्रत्यारोपण की तकनीक का इस्तेमाल कर हर साल एक लाख भ्रूण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 50 एकड़ में प्रोजेक्ट स्थापित होगा। इस तकनीक को गांव-गांव की गौ-माताओं से जोड़ने की योजना है, ताकि देसी नस्लों के संवर्धन को बढ़ावा मिल सके।

गोशालाओं को मिलेंगे 40 रुपये प्रतिदिन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गौवंश के संरक्षण को लेकर अनुदान व्यवस्था में बदलाव किया है। पहले गोशालाओं को प्रति गौवंश प्रतिदिन 20 रुपये दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया गया है। निजी स्तर पर गोशालाएं संचालित करने वाले लोगों को भी नियमानुसार अनुदान दिया जाएगा।

CM M GP 322

उन्होंने बताया कि प्रदेश की तीन हजार से अधिक पंजीकृत गोशालाओं में 5.51 लाख से ज्यादा निराश्रित गौवंश का संरक्षण किया जा रहा है। इनके भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। सरकार का प्रयास है कि सड़कों पर निराश्रित घूमने वाले गौवंश के संरक्षण के लिए स्थानीय निकायों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी बढ़ाई जाए।

हर विधानसभा क्षेत्र में विकसित होंगे वृंदावन गांव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वृंदावन गांव विकसित किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य गौपालन, ग्रामीण संस्कृति और प्राकृतिक खेती को एक-दूसरे से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि खेती में रासायनिक खादों के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ती हैं। ऐसे में प्राकृतिक खेती की ओर लौटना समय की जरूरत है।

CM M GP 321

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय से मिलने वाला गोबर और जैविक खाद खेतों की उर्वरता बढ़ाने में मददगार है। पशुपालन केवल दूध उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि किसान परिवारों की अतिरिक्त आय और टिकाऊ खेती का महत्वपूर्ण आधार भी है।

दुग्ध उत्पादन में मप्र को पहले स्थान पर पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अभी देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को इस क्षेत्र में पहले स्थान पर पहुंचाना है। इसके लिए गांव-गांव में सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों का पंजीयन और दूध उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

CM M GP 323

उन्होंने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 दुधारू गाय या भैंस की डेयरी इकाई स्थापित करने के लिए लगभग 42 लाख रुपये की परियोजना लागत पर 30 प्रतिशत यानी करीब 13.86 लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। सरकार श्वेत क्रांति-2 के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना चाहती है।

डेयरी और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए लगेंगे पशु मेले

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नत नस्ल के पशुओं को प्रोत्साहित करने और पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के लिए प्रदेश में पशु मेले आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों में बेहतर नस्लों, दुग्ध उत्पादन और आधुनिक पशुपालन की तकनीकों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को केवल खेती पर निर्भर रहने के बजाय पशुपालन, मछली पालन और बकरी पालन जैसे अतिरिक्त व्यवसायों से भी जोड़ना जरूरी है। इससे फसल खराब होने या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में परिवारों की आय के दूसरे स्रोत बने रहेंगे।

गोवर्धन पूजा से प्रकृति और सामूहिकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, पर्वत और पर्यावरण के प्रति श्रद्धा का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर सामूहिक शक्ति और जनरक्षा का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि गौपालन भारतीय ग्रामीण संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और इसे बढ़ावा देकर समाज को प्रकृति के करीब लाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- शराबबंदी वाले गुजरात में MP से पहुंच रही अवैध शराब, राजनीतिक संरक्षण में फल-फूल रहा कारोबार; देवास कांड ने उजागर किया अंतरराज्यीय नेटवर्क

धार्मिक पर्यटन से बदली तीर्थस्थलों की अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राम वन गमन पथ, भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों और प्रमुख तीर्थ क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। ओरछा में 400 करोड़ रुपये और चित्रकूट में करीब दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने उज्जैन के महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए कहा कि धार्मिक पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलती है और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, उज्जैन में अब सालाना सात करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। इसी तरह ओंकारेश्वर का भी विकास किया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।