MP में पराली जलाने की घटनाओं में बड़ी गिरावट, फिर भी श्योपुर-दतिया बने हॉटस्पॉट
मध्य प्रदेश में पराली जलाने की घटनाओं में पिछले साल की तुलना में आधे से अधिक की कमी आई है, जो किसानों की जागरूकता और प्रशासन की कार्रवाई का परिणाम है। हालांकि, श्योपुर और दतिया जिले अभी भी पराली जलाने के मामलों में हॉटस्पॉट बने हुए हैं।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
मध्य प्रदेश में पराली जलाने की घटनाओं में भारी गिरावट दर्ज।
श्योपुर और दतिया जिले अभी भी पराली जलाने के हॉटस्पॉट।
किसानों की जागरूकता, कार्रवाई से स्थिति में सुधार आया।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। पराली जलाने के कारण दिल्ली तक पहुंचने वाले धुएं और प्रदूषण को लेकर आलोचना झेल चुके मध्य प्रदेश में इस बार स्थिति में सुधार आया है। किसानों को जागरूक करने और पराली जलाने पर कार्रवाई का असर अब आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। पिछले साल की तुलना में प्रदेश में पराली जलाने की घटनाओं में आधे से अधिक की कमी दर्ज की गई है।
सैटेलाइट से मिले आंकड़ों के अनुसार, 15 सितंबर से 21 नवंबर 2025 के बीच मध्य प्रदेश में पराली जलाने के 11,925 मामले सामने आए थे। इस वर्ष इसी अवधि में यह संख्या घटकर 5,209 रह गई है। हालांकि, देश में पंजाब 7,006 मामलों के साथ पहले स्थान पर है। मध्य प्रदेश दूसरे, उत्तर प्रदेश 2,029 मामलों के साथ तीसरे और राजस्थान 1,796 घटनाओं के साथ चौथे स्थान पर है।
कम हुई पराली जलाने की घटनाएं
प्रदेश में पराली जलाने की घटनाओं में कमी का असर पुराने आंकड़ों से तुलना करने पर भी दिखाई देता है। वर्ष 2022 में 21 नवंबर तक पराली जलाने के 1,477 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि इस वर्ष इसी तारीख तक इनकी संख्या 558 रही। प्रशासन की जागरूकता मुहिम और किसानों के खिलाफ की गई कार्रवाई को इस गिरावट की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
श्योपुर और दतिया में अब भी सर्वाधिक मामले
प्रदेश के जिन जिलों में पराली जलाने की घटनाएं लगातार अधिक रही हैं, वहां भी पिछले साल के मुकाबले कमी आई है। हालांकि, इन जिलों में स्थिति अभी पूरी तरह नियंत्रण में नहीं है।
श्योपुर इस साल भी प्रदेश में पहले स्थान पर है। यहां 2025 में पराली जलाने की 1,930 घटनाएं दर्ज हुई थीं, जबकि 2026 में अब तक 953 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, दतिया में पिछले साल के 1,185 मामलों के मुकाबले इस वर्ष 899 घटनाएं दर्ज की गई हैं। यह प्रदेश में दूसरी सबसे बड़ी संख्या है।
डबरा-भितरवार में किसानों ने अपनाए पराली प्रबंधन के तरीके
ग्वालियर जिले की डबरा और भितरवार तहसीलों में पहले पराली जलाने की घटनाएं अधिक सामने आती थीं। इन क्षेत्रों में पंजाब के किसानों ने खेत ठेके पर लेकर धान की खेती शुरू की है। यहां पराली प्रबंधन के लिए भी पंजाब में अपनाई जाने वाली तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
रबी फसलों की बोवनी के दौरान पराली को खेत में ही मिलाने के लिए सुपर सीडर और हैप्पी सीडर जैसे कृषि यंत्रों का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने जैसी कार्रवाई भी की गई है। जागरूकता और सख्ती के संयुक्त प्रयासों से इन क्षेत्रों में घटनाओं में कमी आई है।
जबलपुर में भी कम घटनाएं
पराली जलाने के मामलों में जबलपुर प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। यहां 15 सितंबर से 21 नवंबर 2026 के बीच 592 घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 959 था। यानी जबलपुर में भी पराली जलाने की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।