भोपाल में दो मासूम बच्चों को जहर खिलाने के बाद मां ने खुद भी खाया, तीनों की मौत; देवरानी से विवाद व पति से हुई थी कहासुनी
भोपाल के अरवलिया गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक मां ने अपने दो बच्चों को जहर खिलाकर खुद भी खा लिया। हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

HighLights
पारिवारिक विवाद के बाद मां ने बच्चों संग जहर खाया।
स्कूल से बच्चों को घर लाकर बंद कर लिए थे दरवाजे।
बच्चों की चीखें सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर निकाला।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र ईंटखेड़ी थाना अंतर्गत ग्राम अरवलिया में पारिवारिक विवाद के बाद एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 37 वर्षीय महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। शनिवार रात हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान महिला और उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, अरवलिया निवासी फईम खान पंचर की दुकान चलाते हैं। उनकी पत्नी रुकसाना (37), बेटी रुकईया (12) और बेटा फैजल (8) शनिवार शाम गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल लाए गए थे। डॉक्टरों ने तीनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
देवरानी से हुआ विवाद
भोपाल देहात एसपी पंकज पांडेय के मुताबिक, फईम के घर के पास ही उनके छोटे भाई का परिवार रहता है। शनिवार सुबह बच्चों को स्कूल भेजने के बाद रुकसाना अपने देवर के घर कुछ सामान लेने पहुंची थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी देवरानी से विवाद हो गया। घर लौटने पर इसी बात को लेकर पति फईम से भी कहासुनी हुई। इसके बाद फईम अपनी दुकान पर चला गया।
स्कूल से बच्चों को लेकर लौटी
पुलिस के मुताबिक पति के दुकान जाने के बाद रुकसाना स्कूल पहुंचीं और छुट्टी होने से पहले ही दोनों बच्चों को घर ले आईं। घर पहुंचने के बाद उन्होंने दोनों तरफ के दरवाजे बंद कर लिए। इसके बाद खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खुद खाया और बच्चों को भी खिला दिया। कुछ ही देर में तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी।
बच्चों की चीख सुनकर पड़ोसियों को हुआ शक
घर के अंदर से बच्चों के जोर-जोर से चीखने की आवाजें सुनकर पड़ोसियों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। दरवाजे बंद होने पर उन्होंने तत्काल फईम को दुकान से बुलाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो रुकसाना और दोनों बच्चे बेसुध पड़े मिले। परिजन और पड़ोसी तीनों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें- भोपाल से जबलपुर और पंजाब तक ‘बंटी-बबली’ के खिलाफ शिकायतें, प्रॉपर्टी के नाम करोड़ों की ठगी; पुलिस ने रिमांड पर लिया
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाने की बात सामने आ रही है। मृतका के मायके पक्ष और अन्य स्वजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद घटना के वास्तविक कारण और स्पष्ट हो सकेंगे।
-पंकज पांडेय, पुलिस अधीक्षक (भोपाल देहात)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।