स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च में MP देश में 27वें नंबर पर, सालभर में प्रति व्यक्ति सिर्फ 2,033 रुपये खर्च कर रही सरकार
केंद्रीय रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रति व्यक्ति मात्र 2,033 रुपये खर्च कर रहा है, जिससे वह देश में 27वें स्थान पर है। इस कम खर्च के कारण प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और रिक्त पदों की समस्या बनी हुई है, जिससे मरीजों को पर्याप्त उपचार नहीं मिल पा रहा है।

सरकारी अस्पताल में मरीज। (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
मध्य प्रदेश स्वास्थ्य खर्च में देश में 27वें स्थान पर।
सरकार प्रति व्यक्ति मात्र 2,033 रुपये स्वास्थ्य पर खर्च कर रही।
50% पद रिक्त, सुविधाओं की कमी से मरीज परेशान हैं।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। राज्य सरकार वर्षभर में स्वास्थ्य पर प्रति व्यक्ति मात्र 2,033 रुपये खर्च कर रही है। वहीं, लोगों को अपनी जेब से 1,947 रुपये खर्च करना पड़ रहा है। अन्य स्रोतों से 230 रुपये खर्च मिला लें तो कुल खर्च 4,210 रुपये है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की नेशनल हेल्थ अकाउंट्स की 2023-24 की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। स्वास्थ्य पर शासकीय खर्च के मामले में (सबसे कम) मध्य प्रदेश बहुत पीछे है। देश में उसका 27वां स्थान है। प्रदेश अपने सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का केवल 1.3 प्रतिशत ही स्वास्थ्य पर सरकारी तौर पर खर्च कर रहा है।
मध्य प्रदेश इस मामले में ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड सहित आठ राज्यों से पीछे है। कम बजट से बड़ा नुकसान रोगियों को हो रहा है। उन्हें शासकीय अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर मेडिकल कॉलेज तक 50 प्रतिशत पद रिक्त हैं। यही कारण है कि सरकार ने 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन आउटसोर्स पर देने और नए शासकीय मेडिकल कॉलेज नहीं खोलने का निर्णय लिया है।
वर्ष 2017 में तैयार की गई राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति में लक्ष्य रखा गया था कि केंद्र और राज्यों का स्वास्थ्य पर शासकीय खर्च जीएसडीपी का ढाई प्रतिशत से ऊपर किया जाएगा। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के कुल बजट में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की हिस्सेदारी भी पांच से छह प्रतिशत के बीच रहती है।
वर्ष 2026-27 के राज्यों के बजट में स्वास्थ्य का हिस्सा देखा जाए तो सर्वाधिक 8.1 प्रतिशत राजस्थान, 7.8 प्रतिशत ओडिशा, 7.1 प्रतिशत गुजरात, 6.5 प्रतिशत छत्तीसगढ़, 6.4 प्रतिशत उत्तर प्रदेश और 6.2 प्रतिशत (24 हजार करोड़ रुपये) मध्य प्रदेश का है। वर्ष 2023-24 में यह 5.8 प्रतिशत था।
बता दें, शासकीय स्वास्थ्य खर्च से आशय इंफ्रास्ट्रक्चर, मानव संसाधन, जांच, दवाइयां और भोजन आदि पर होने वाला खर्च है। निजी खर्च से आशय शासकीय अस्पतालों में दवाएं उपलब्ध नहीं होने पर बाहर से खरीदना, निजी केंद्रों में जांच कराना, निजी अस्पतालों में उपचार आदि शामिल है।
स्वास्थ्य संसाधनों में इस तरह की कमी
कैग की 2022 की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 1,775 स्वास्थ्य संस्थानों में स्वीकृत पदों के मुकाबले 11,535 स्वास्थ्यकर्मियों की कमी थी। प्रदेश में 249 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 1,147 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 4,904 उप स्वास्थ्य केंद्र कम हैं। वहीं, 33 जिला अस्पतालों में 5,345 बिस्तरों की कमी पाई गई। स्थिति यह है कि रोगियों के प्रतिदिन भोजन-नाश्ता का बजट मात्र 48 रुपये है।
कमियों का आकलन कराकर उन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। नए मेडिकल कॉलेज खोलने के साथ ही नवीन अस्पताल भवन भी बनाए जा रहे हैं। कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों के जांच और उपचार की सुविधाएं विभिन्न अस्पतालों में प्रारंभ की गई हैं।
- राजेंद्र शुक्ल, उप मुख्यमंत्री, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।