विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: एमपी में बिजली, खनिज आय और सहकारी समितियों पर महत्वपूर्ण निर्णय

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:28 PM (IST)

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ग्रामीण विद्युतीकरण, खनिज राजस्व बढ़ाने और सहकारी बैंकों की मजबूती पर अहम फैसले लिए गए। प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 40,500 घरों तक बिजली पहुंचाने और खनिज आय को 30 हजार करोड़ तक पहुंचाने की योजना को मंजूरी मिली।

मंत्रालय में हुई मोहन कैबिनेट की बैठक। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

मंत्रालय में हुई मोहन कैबिनेट की बैठक। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. 40,500 घरों तक बिजली पहुंचाने को 193 करोड़ मंजूर।

  2. खनिज राजस्व 12,170 करोड़ से 30,000 करोड़ करने का लक्ष्य।

  3. सहकारी समितियों के चुनाव एक साल के लिए टले।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में ग्रामीण विद्युतीकरण, खनिज राजस्व बढ़ाने, सहकारी समितियों के चुनाव और जिला सहकारी बैंकों की आर्थिक मजबूती से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 40,500 घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। वहीं, खनिज से होने वाली सालाना आय को बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।

1,834 बसाहटों के 40,500 घर होंगे रोशन

प्रदेश में बिजली से वंचित घरों तक कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए सरकार 193 करोड़ रुपये खर्च करेगी। कैबिनेट ने 1,834 बसाहटों के 40,500 घरों के विद्युतीकरण की योजना को मंजूरी दी है। जिन बसाहटों में 20 से कम घर हैं, वहां बिजली पहुंचाने की व्यवस्था राज्य सरकार अपने बजट से करेगी।

खनिज राजस्व बढ़ाकर 30 हजार करोड़ करने की तैयारी

खनिज क्षेत्र से प्रदेश की आय बढ़ाने के लिए खनिज विकास निगम के माध्यम से व्यापक सर्वे कराया जाएगा। इसमें केंद्र सरकार का सहयोग लिया जाएगा और पहले से उपलब्ध खनिज संबंधी आंकड़ों का भी विश्लेषण किया जाएगा। फिलहाल खनिज से प्रदेश को सालाना 12,170 करोड़ रुपये की आय हो रही है। सरकार इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये तक ले जाने की दिशा में काम करेगी।

सहकारी समितियों के चुनाव एक साल के लिए टले

प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। समितियों के परिसीमन और नई समितियों के गठन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत बताई गई है। प्रदेश में ये चुनाव वर्ष 2018 में प्रस्तावित थे, लेकिन कर्जमाफी, नई समितियों के गठन और परिसीमन सहित विभिन्न कारणों से अब तक नहीं हो सके हैं।

चार जिला सहकारी बैंकों को मिलेंगे 50-50 करोड़ रुपये

रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को सरकार 50-50 करोड़ रुपये का अंशदान देगी। इस राशि से बैंकों की वित्तीय और व्यवस्थागत स्थिति में सुधार करने के साथ जरूरी संस्थागत बदलाव किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- भोपाल में सीएम मोहन ने किया बरखेड़ा नाथू खेल परिसर का उद्घाटन, सुखविंदर के 'जय हो' पर झूम उठा स्टेडियम

2 दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन

सरकार मंत्रियों के चिंतन शिविर से पहले अधिकारियों के साथ नीति चिंतन करेगी। यह कार्यक्रम 2 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसमें अधिकारी आठ समूहों में विभाजित होकर विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। समूहों से प्राप्त सुझाव और अनुशंसाएं 21-22 दिसंबर को होने वाले मंत्रियों के चिंतन शिविर में रखी जाएंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।