MP में प्रॉपर्टी गाइडलाइन बदलने की तैयारी, जमीन-मकान की दरों में बदलाव का बताना होगा कारण
मध्य प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए अचल संपत्तियों की कलेक्टर गाइडलाइन में बदलाव की तैयारी है। दरों में वृद्धि या कमी का औचित्य बताना अनिवार्य होगा, जिसके प्रस्ताव 15 जनवरी तक भेजने होंगे।

-प्रतीकात्मक चित्र।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए अचल संपत्तियों की कलेक्टर गाइड लाइन में वृद्धि या कमी प्रस्तावित की जाती है तो इसका औचित्य बताना होगा। नई गाइड लाइन तैयार करने के लिए 15 जनवरी तक जिला मूल्यांकन समिति को प्रस्ताव तैयार करके भेजने होंगे। केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड 31 तक इन्हें अंतिम रूप देगा।
जिला मूल्यांकन समितियों को दिए निर्देश
महानिरीक्षक पंजीयन आलोक कुमार सिंह ने सभी जिला मूल्यांकन समितियों को निर्देश दिए हैं कि वे 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित प्रारूप में प्रस्तावित दरें और उनसे संबंधित जानकारी तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करें। 30 जनवरी तक जिला मूल्यांकन समितियां अंतिम मूल्यों को अधिसूचित करने से पहले आम जनता से सुझाव आमंत्रित करेंगी और प्राप्त सुझावों पर विचार करेंगी।
15 फरवरी तक अंतिम मूल्यों को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड के अनुमोदन के लिए भेजना होगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद 31 मार्च 2027 तक विभिन्न क्षेत्रों के लिए बाजार मूल्य मार्गदर्शक सिद्धांत जारी कर दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: 9 बार के भाजपा विधायक गोपाल भार्गव का राजनीति से संन्यास का ऐलान, रखी यह शर्त
नई कॉलोनियों और विकास वाले इलाकों पर रहेगा फोकस
नई गाइडलाइन तैयार करते समय नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में हुए विकास, नई कालोनियों और लोकेशन के विस्तार को ध्यान में रखा जाएगा। मूल्य निर्धारण में बाजार में हुए वास्तविक लेन-देन और प्रचलित दरों को आधार बनाया जाएगा। जहां दरों में वृद्धि या कमी प्रस्तावित होगी, वहां उसका औचित्य भी बताना होगा।
निर्माण लागत की दरें राज्य स्तर पर निर्धारित दरों के अनुरूप रखी जाएं। जिला मूल्यांकन समितियों को दरों में बदलाव और संबंधित स्थानों की जानकारी अलग-अलग देनी होगी।