विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP पुलिस आरक्षक भर्ती: 7500 पदों के लिए 7.5 लाख आवेदन, पीएचडी और इंजीनियर भी कतार में

Published: Mon, 09 Nov 2026 07:18 PM (IST)

मध्य प्रदेश पुलिस में 7,500 आरक्षक पदों के लिए 7.5 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें पीएचडी धारक और इंजीनियर ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. 7,500 आरक्षक पदों के लिए 7.5 लाख आवेदन प्राप्त।

  2. पीएचडी धारक, इंजीनियर भी आरक्षक भर्ती में शामिल।

  3. एक पद के लिए 100 से अधिक उम्मीदवारों में प्रतिस्पर्धा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक के 7,500 पदों पर भर्ती के लिए मुकाबला बेहद कड़ा होने जा रहा है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित होने के बावजूद इस भर्ती में पीएचडी धारक, इंजीनियर और पोस्ट ग्रेजुएट युवा भी किस्मत आजमा रहे हैं। कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) को इस भर्ती के लिए करीब साढ़े सात लाख आवेदन मिले हैं। इस हिसाब से एक पद के लिए औसतन 100 से अधिक अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी।

आवेदकों की शैक्षणिक योग्यता के आंकड़े बताते हैं कि आरक्षक बनने की दौड़ में उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं की भी बड़ी संख्या है। 10 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के पास बीई और बीटेक की डिग्री है, जबकि 28 उम्मीदवार पीएचडी धारक हैं। इसके अलावा करीब दो हजार अभ्यर्थी इंजीनियरिंग डिप्लोमाधारी और छह हजार आईटीआई प्रमाणपत्रधारी हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, 41 हजार अभ्यर्थी पोस्ट ग्रेजुएट, दो लाख 77 हजार स्नातक और तीन लाख 41 हजार उम्मीदवार 12वीं पास हैं। वहीं, निर्धारित पात्रता के तहत आवेदन करने वाले आठवीं पास अभ्यर्थियों की संख्या 753 है। अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को आठवीं पास होने पर भी आवेदन की पात्रता दी गई है।

1.10 लाख अभ्यर्थी दूसरे राज्यों से

आरक्षक भर्ती परीक्षा में मध्य प्रदेश के बाहर के करीब 1.10 लाख उम्मीदवार भी शामिल होंगे। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, छत्तीसगढ़ और राजस्थान सहित अन्य राज्यों के अभ्यर्थी हैं। पिछले वर्ष ईएसबी को करीब साढ़े आठ लाख आवेदन मिले थे, जिनमें बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों की संख्या लगभग 95 हजार थी। इस बार कुल आवेदनों की संख्या में कमी आई है, लेकिन दूसरे राज्यों से आवेदन करने वालों की संख्या बढ़ी है।

मुरैना, ग्वालियर और सागर से ज्यादा आवेदन

प्रदेश के भीतर से करीब 6.50 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। जिलावार आंकड़ों में मुरैना, ग्वालियर और सागर सबसे आगे हैं। इन तीनों जिलों से लगभग 40-40 हजार आवेदन मिले हैं। दूसरी ओर, आगर-मालवा से करीब पांच हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीयन कराया है।

यह भी पढ़ें- शराबबंदी वाले गुजरात में MP से पहुंच रही अवैध शराब, राजनीतिक संरक्षण में फल-फूल रहा कारोबार; देवास कांड ने उजागर किया अंतरराज्यीय नेटवर्क

पिछली भर्तियों के मुकाबले इस बार आवेदकों की संख्या घटी है। वर्ष 2021 में आयोजित आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए करीब 12 लाख आवेदन आए थे, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या साढ़े आठ लाख के आसपास थी। इस बार करीब साढ़े सात लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं।

19 नवंबर से दो पालियों में परीक्षा

ईएसबी की ओर से आरक्षक भर्ती परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद अब मंडल परीक्षा की तैयारियों में जुटा है।

युवाओं का सरकारी नौकरी की ओर रुझान बढ़ रहा है। प्राइवेट सेक्टर की चुनौतियां अधिक हैं, सेवा सुरक्षा नहीं है। इस कारण युवा कम शैक्षणिक योग्यता वाली आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन कर रहे हैं।
- शबनम खान, वरिष्ठ करियर काउंसलर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।