विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक ने किया शीर्षासन, FIR को लेकर गांधी प्रतिमा के सामने अनोखा विरोध

Published: Fri, 27 Feb 2026 05:06 PM (IST)

श्योपुर विधायक बाबू जंडेल के खिलाफ दर्ज दो FIR का मामला शुक्रवार को विधानसभा में उठा। उन्होंने गांधी प्रतिमा के सामने शीर्षासन कर अनोखा विरोध जताया।

कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने गांधी प्रतिमा के समक्ष लगाया शीर्षासन।

कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने गांधी प्रतिमा के समक्ष लगाया शीर्षासन।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, भोपाल। श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल के खिलाफ दर्ज दो एफआईआर का मामला शुक्रवार को विधानसभा में गूंजा। शून्यकाल के दौरान कांग्रेस विधायक दल के सचेतक सोहनलाल बाल्मीक और पंकज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विद्वेष के चलते जंडेल पर एक के बाद एक एफआईआर दर्ज कराई गई हैं और इन्हें निरस्त किया जाना चाहिए।

इस मामले को लेकर विधायक बाबू जंडेल ने विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने शीर्षासन कर अपना विरोध दर्ज कराया, जिससे सदन का माहौल गर्म हो गया।

शिवरात्रि पर हर्ष फायरिंग बना विवाद

जंडेल के खिलाफ शिवरात्रि पर शिव बारात के दौरान हर्ष फायरिंग को लेकर एफआइआर दर्ज की गई है। इस पर सफाई देते हुए विधायक ने कहा कि 15 फरवरी को उनके क्षेत्र में तीन दिवसीय यज्ञ का आयोजन हुआ था, जिसमें हजारों साधु-संत और ब्राह्मण शामिल हुए। विधि-विधान से पूजा-पाठ और भगवान की स्थापना के बाद शिव बारात निकाली गई।

उन्होंने बताया कि शिव बारात में पालकियों और घोड़ों पर साधु-संत सवार थे, फूलों की वर्षा हो रही थी और आतिशबाजी चल रही थी। वे स्वयं भी घोड़े पर सवार थे। जंडेल ने कहा- मेरे पास ‘चढ़ीमार’ का एक दावती राउंड था। भगवान की खुशी में मैंने सिर्फ एक हर्ष फायर किया। मेरे पास कोई अवैध हथियार नहीं था, न ही मैं कोई उग्रवादी हूं।

यह भी पढ़ें- 'सोने की ईंटों' पर मप्र विधानसभा में सियासी तकरार, परिवहन विभाग में अवैध वसूली को लेकर सरकार व विपक्ष आमने-सामने

पहले भी FIR, कांग्रेस बोली- सियासी प्रतिशोध

विधायक बाबू जंडेल ने यह भी आरोप लगाया कि तीन माह पहले गायों के मुद्दे पर आंदोलन और कलेक्टर को ज्ञापन देने के दौरान भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। कांग्रेस का कहना है कि ऐसे मामलों में हाई कोर्ट पहले भी कई बार दोषमुक्ति दे चुका है।

शून्यकाल में जब कांग्रेस विधायकों ने यह मुद्दा उठाया तो विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मामला संज्ञान में लेकर शासन को भेज दिया गया है। हालांकि, इससे असंतुष्ट कांग्रेस विधायक सदन से बहिर्गमन कर गए।