MP में दोनों डिप्टी CM ने मांगी नई हाइब्रिड इनोवा; वित्त विभाग बोला- पुराने वाहनों की मरम्मत कराकर काम चलाएं
मध्य प्रदेश में वित्त विभाग ने उप मुख्यमंत्रियों जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के लिए नई इनोवा क्रिस्टा हाइब्रिड कार ...और पढ़ें

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल।
HighLights
डिप्टी सीएम की नई गाड़ी का प्रस्ताव खारिज।
वित्त विभाग ने बजट की कमी बताई वजह।
पुराने वाहनों की मरम्मत कर चलाने का निर्देश।
सौरभ सोनी, भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी खर्च पर लगाम लगाने की कवायद का असर अब उप मुख्यमंत्रियों की नई गाड़ियों की मांग पर भी दिख रहा है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के लिए नई इनोवा क्रिस्टा हाइब्रिड कार खरीदने का प्रस्ताव वित्त विभाग ने बजट की कमी का हवाला देकर लौटा दिया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल नए वाहन नहीं खरीदे जा रहे हैं। ऐसे में मौजूदा गाड़ियों की मरम्मत कराकर ही काम चलाने को कहा गया है।
दरअसल, गृह विभाग के स्टेट गैराज की ओर से दोनों उप मुख्यमंत्रियों के लिए नई गाड़ियां खरीदने के संबंध में बजट प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया था। लेकिन राज्य के वित्तीय संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ नहीं डालने की नीति के तहत इसे मंजूरी नहीं मिली। वित्त विभाग इन दिनों द्वितीय अनुपूरक बजट की तैयारी में जुटा है और उसने सभी विभागों को अनावश्यक खर्च से जुड़े प्रस्ताव भेजने से बचने के निर्देश दिए हैं।
पांच लाख 65 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज
प्रदेश की वित्तीय स्थिति के बीच सरकार खर्चों को नियंत्रित करने पर जोर दे रही है। राज्य पर कर्ज का आंकड़ा पांच लाख 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। ऐसे में नए वाहनों की खरीद पर फिलहाल रोक जैसी स्थिति है। वित्त विभाग ने प्रस्ताव लौटाते हुए पुराने वाहनों की मरम्मत कराकर उपयोग जारी रखने का विकल्प सुझाया है।
एक लाख 10 हजार किमी चलने पर वाहन बदलने का प्रावधान
मध्य प्रदेश शासन में सुरक्षा के लिहाज से एक लाख 10 हजार किलोमीटर चल चुके सरकारी वाहनों को बदलने का प्रावधान है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा की वर्ष 2024 मॉडल इनोवा क्रिस्टा 1.29 लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी है। वहीं, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की वर्ष 2024 मॉडल इनोवा क्रिस्टा भी 1.32 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी है।
इसी आधार पर नए वाहनों की मांग से जुड़ा प्रस्ताव भेजे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, फिलहाल वित्त विभाग से मंजूरी नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें- MP में OBC आरक्षण पर कांग्रेस का नया दांव; सुप्रीम कोर्ट जाएगी पार्टी
देवड़ा बोले- पुरानी गाड़ी तय सीमा से ज्यादा चली
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि नई गाड़ी का प्रस्ताव इसलिए भेजा गया था, क्योंकि वर्तमान वाहन निर्धारित सीमा से अधिक चल चुका है। वहीं, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि नए वाहन का प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी उनके पर्सनल स्टाफ को होगी।
