विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एमपी कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: एक महीने में बनेगी नई टीम, निष्क्रिय पदाधिकारियों की होगी छुट्टी

Published: Mon, 05 Oct 2026 05:55 PM (IST)

मध्य प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव जल्द होंगे, केंद्रीय नेतृत्व ने नई नियुक्तियों को हरी झंडी दे दी है। अगले ...और पढ़ें

मप्र कांग्रेस कमेटी कार्यालय। (फाइल फोटो)

मप्र कांग्रेस कमेटी कार्यालय। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. केंद्रीय नेतृत्व ने MP कांग्रेस में नई नियुक्तियों को दी हरी झंडी।

  2. अगले एक महीने में निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर नई टीम बनेगी।

  3. क्षेत्रीय और राजनीतिक समीकरणों को प्राथमिकता मिलेगी नई नियुक्तियों में।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से चल रही संगठनात्मक सुस्ती अब जल्द खत्म होने के आसार हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को केंद्रीय नेतृत्व से संगठन में नई नियुक्तियों को लेकर हरी झंडी मिल गई है। अब प्रदेश कार्यकारिणी को पूरी तरह भंग करने के बजाय निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर उनकी जगह नए चेहरों को जिम्मेदारी देने की तैयारी है। पार्टी अगले एक महीने में संगठनात्मक नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

नई टीम में क्षेत्रीय और राजनीतिक समीकरणों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों में भी नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन में सक्रिय नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

जिला-ब्लॉक स्तर पर हो चुके बदलाव 

कांग्रेस ने प्रदेश में संगठन सृजन अभियान के तहत पहले जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय विधायकों और जिला अध्यक्षों से चर्चा के आधार पर ब्लॉक अध्यक्ष बनाए गए। जिला और ब्लॉक इकाइयों को अपनी टीम गठित करने की स्वतंत्रता भी दी गई थी।

हालांकि, पिछले माह केंद्रीय संगठन ने जिला इकाइयों के कामकाज की समीक्षा की। इसमें कुछ जिलों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिला अध्यक्षों को बदलने का निर्णय लिया गया। आगामी चुनावों में जिला अध्यक्षों की भूमिका को भी इस बदलाव का अहम आधार माना जा रहा है।

इधर, प्रदेश कांग्रेस के विभागों और प्रकोष्ठों की समीक्षा में भी प्रदर्शन संतोषजनक नहीं मिला। इसके बाद सभी विभाग और प्रकोष्ठ भंग कर दिए गए। प्रदेश कार्यकारिणी को भी भंग कर नई टीम गठित करने के संकेत दिए गए थे। संगठन में बदलाव की अटकलों के बीच पिछले करीब दो महीने से कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।

यह भी पढ़ें- MP में शिक्षक भर्ती पर गरमाई सियासत, राहुल गांधी ने CM मोहन को लिखा पत्र; कहा- पदवृद्धि कर युवाओं को दें मौका

वेणुगोपाल से चर्चा के बाद पटवारी को मिला जिम्मा

सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की हाल में राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से संगठन में नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई। केंद्रीय नेतृत्व ने पटवारी से सभी राजनीतिक और क्षेत्रीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए नियुक्तियों के प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा है।

पटवारी ने भी संकेत दिए हैं कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि एक महीने के भीतर संगठनात्मक नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।

पूरी कार्यकारिणी नहीं होगी भंग

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक पहले प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर नई टीम गठित करने पर विचार किया गया था, लेकिन मौजूदा टीम में कई पदाधिकारी बेहतर काम कर रहे हैं। ऐसे में अब पूरी कार्यकारिणी को भंग करने के बजाय निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर नए नेताओं को मौका दिया जाएगा।

वहीं, जिन नेताओं को आगामी चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने हैं, उन्हें प्रदेश संगठन की जिम्मेदारियों से मुक्त किया जा सकता है। ऐसे नेताओं को विभाग और प्रकोष्ठों में जिम्मेदारी देने की तैयारी है, ताकि वे चुनावी राजनीति के बजाय संगठन को मजबूत करने के काम पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकें।