विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर MP में कांग्रेस का हल्लाबोल: निर्वाचन कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे जीतू-उमंग

Published: Tue, 06 Oct 2026 11:32 PM (GMT+05:30)

राहुल गांधी को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

धरने पर बैठे जीतू पटवारी व उमंग सिंघार समेत अन्य। (फोटो- जागरण)

धरने पर बैठे जीतू पटवारी व उमंग सिंघार समेत अन्य। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस का धरना।

  2. जीतू पटवारी ने 'वोट चोरी' और लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप लगाया।

  3. मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस भी सड़क पर उतर आई। मंगलवार देर रात भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदेश कांग्रेस ने धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। दिल्ली में राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।

congress dharna in EC 214413

जीतू पटवारी ने लगाए गंभीर आरोप

धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि देश के अलग-अलग राज्यों में भाजपा की सरकारें 'वोट चोरी' के जरिए बनी हैं और अब यह कथित गड़बड़ी सामने आ चुकी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।

पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के सांसद संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि नेता निर्वाचन आयोग से सवाल पूछने जा रहे थे, लेकिन उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

राहुल गांधी की हिरासत के बाद बढ़ा विरोध

दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्षी सांसदों ने निर्वाचन आयोग तक मार्च किया था। पुलिस ने मार्च को रोक दिया, जिसके बाद कई नेता धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे रहे। करीब नौ घंटे बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया।

कांग्रेस ने इस कार्रवाई के विरोध में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदेश में प्रदर्शन और पुतला दहन की बात कही है।

यह भी पढ़ें- एमपी कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: एक महीने में बनेगी नई टीम, निष्क्रिय पदाधिकारियों की होगी छुट्टी

बुधवार को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। पार्टी कार्यकर्ता जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी के साथ हुई कार्रवाई के विरोध में यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।