MP Weather: उत्तरी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, कटनी के करौंदी में पारा 5.2 डिग्री पर; 4 शहरों में शीतलहर का अलर्ट
मध्य प्रदेश में उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है, कटनी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल में अगले दो-तीन दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है, जबकि भोपाल में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
कटनी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दमोह, कटनी, उमरिया, शहडोल में शीतलहर का अलर्ट जारी।
प्रदेश के आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश में सर्दी का सितम बढ़ रहा है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश के कई इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम शुष्क है और तापमान में गिरावट का दौर जारी है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, दमोह में शीतलहर का असर देखने को मिला और यहां रात का पारा 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। प्रदेश के आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
हालांकि, राजधानी भोपाल में लगातार चार दिन तक शीतलहर चलने के बाद शनिवार को कुछ राहत मिली। यहां न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और पारा 10.8 डिग्री पर पहुंच गया। इसके बावजूद यह सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।
चार जिलों में शीतलहर चलने की संभावना
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश में अगले दो से तीन दिन तक ठंड का मौजूदा दौर जारी रहने के आसार हैं। रविवार को दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल जिले में शीतलहर चल सकती है। इसके साथ ही सुबह के समय कई इलाकों में कुहासा छाने की संभावना है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है।
ये वेदर सिस्टम सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, वर्तमान में गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर कर्नाटक से मध्य महाराष्ट्र होते हुए दक्षिण गुजरात तक एक ट्रफ के रूप में ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण फैला हुआ है।
मौसम विज्ञानी पीके रायकवार के अनुसार, फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने से प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठंड का प्रभाव बना रहेगा। वातावरण में पर्याप्त नमी होने के चलते भोपाल सहित कई शहरों में सुबह के समय कुहासा छा सकता है।
यह भी पढ़ें- भोपाल मास्टर प्लान 2047 पर ढेरों आपत्तियां, रातीबड़-नीलबड़ के छोटे प्लॉट से लेकर हमीदिया रोड तक उठे सवाल
अगले तीन दिन ठंड से राहत नहीं
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के मुताबिक, अगले तीन-चार दिनों तक उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ पहुंचने की संभावना नहीं है। ऐसे में मौसम के मिजाज में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठिठुरन का दौर जारी रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।