विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल मास्टर प्लान 2047 पर ढेरों आपत्तियां, रातीबड़-नीलबड़ के छोटे प्लॉट से लेकर हमीदिया रोड तक उठे सवाल

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:58 PM (IST)

भोपाल मास्टर प्लान 2047 के ड्राफ्ट पर 10 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज की गई हैं, जिस पर सुनवाई जारी है। रातीबड़-नीलबड़ में छोटे भूखंडों पर प्रतिबंध, हमीदिया रोड के व्यावसायिक स्वरूप में बदलाव और पश्चिमी इनर रिंग रोड हटाने जैसे मुद्दों पर विरोध जताया गया।

मास्टर प्लान सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखते हुए क्रेडाई के अध्यक्ष व प्रतिनिधि।

मास्टर प्लान सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखते हुए क्रेडाई के अध्यक्ष व प्रतिनिधि।

HighLights

  1. रातीबड़-नीलबड़ में छोटे भूखंडों पर प्रस्तावित प्रतिबंध का विरोध।

  2. हमीदिया रोड के व्यावसायिक स्वरूप को बदलने पर आपत्ति दर्ज।

  3. पश्चिमी इनर रिंग रोड हटाने के प्रस्ताव पर असहमति जताई गई।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के भविष्य का खाका तैयार करने वाले मास्टर प्लान 2047 के ड्राफ्ट को लेकर विरोध तेज हो गया है। 10 हजार से अधिक आपत्तियों पर हुजूर तहसील में टीएंडसीपी और जिला प्रशासन की संयुक्त सुनवाई के दौरान गुरुवार को 112 आपत्तिकर्ताओं ने अपना पक्ष रखा। रातीबड़-नीलबड़ में छोटे भूखंडों पर प्रस्तावित प्रतिबंध, हमीदिया रोड के व्यावसायिक स्वरूप में बदलाव और पश्चिमी इनर रिंग रोड को हटाने जैसे मुद्दों पर लोगों ने सवाल उठाए।

सुनवाई में नागरिकों से लेकर बिल्डर प्रतिनिधियों तक ने प्रस्तावित प्रावधानों में बदलाव की मांग की। भूखंडों के आकार, लैंड यूज, निर्माण नियमों और अवैध निर्माणों के नियमितीकरण को लेकर भी असहमति सामने आई।

11 हजार वर्गफीट के प्लॉट की शर्त से छोटे मकानों पर संकट

आपत्तिकर्ता कमल राठी ने रातीबड़ और नीलबड़ क्षेत्र को आरजी-5 में शामिल करने का विरोध किया। उनका कहना था कि यहां न्यूनतम 11 हजार वर्गफीट भूखंड की शर्त लागू होने से पहले से बने सैकड़ों-हजारों छोटे मकानों के मालिकों के सामने परेशानी खड़ी हो सकती है। उन्होंने इस प्रावधान में बदलाव की मांग की।

हमीदिया रोड के लैंड यूज को आवासीय करने पर भी आपत्ति जताई गई। तर्क दिया गया कि यह क्षेत्र लंबे समय से शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल है, ऐसे में इसके व्यावसायिक स्वरूप को बनाए रखा जाना चाहिए।

पर्यावरण और भूजल से जुड़े अध्ययनों को शामिल करने की मांग

आपत्तिकर्ताओं ने मास्टर प्लान तैयार करते समय पर्यावरणीय और वैज्ञानिक अध्ययनों को भी आधार बनाने पर जोर दिया। इसके लिए पहले से तैयार पर्यावरण प्लान, क्लाइमेट एक्शन प्लान, सेप्ट की अपर लेक रिपोर्ट, भूजल सर्वेक्षण विभाग की एक्विफर रिपोर्ट और बायोडायवर्सिटी इंडेक्स को प्रस्तावित योजना में शामिल करने की मांग रखी गई।

पश्चिमी इनर रिंग रोड को हटाने का मुद्दा भी सुनवाई में उठा। इस मार्ग को लेकर प्रस्तावित बदलावों पर आपत्तिकर्ताओं ने अपनी असहमति दर्ज कराई।

बिल्डर्स ने गुजरात मॉडल के आधार पर मांगी राहत

क्रेडाई अध्यक्ष मनोज सिंह मीक ने टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत भूमि पुनर्गठन में मूल जमीन के बदले मिलने वाले भूखंडों के अनुपात की समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने गुजरात मॉडल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मूल भूमि के 100 प्रतिशत हिस्से में से 60 प्रतिशत पुनर्गठित भूखंड के रूप में लौटाने का प्रावधान है, जबकि प्रदेश में यह अनुपात 50 प्रतिशत है।

उन्होंने नियमों में जरूरी छूट देने की पैरवी की, ताकि निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके और विकास योजनाओं को व्यावहारिक बनाया जा सके।

अवैध निर्माण नियमित करने के प्रावधान पर भी विरोध

प्रस्तावित मास्टर प्लान में अवैध निर्माणों के नियमितीकरण से जुड़े प्रावधान को हटाने की मांग भी की गई। कमल राठी ने तर्क दिया कि नियमों का पालन कर निर्माण करने वाले लोगों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। अवैध निर्माणों को नियमित करने की व्यवस्था से नियमों का उल्लंघन करने वालों को लाभ मिल सकता है और नियमानुसार निर्माण करने वालों के साथ असमानता पैदा होगी।

मास्टर प्लान 2047 पर जारी सुनवाई में सामने आई आपत्तियों से स्पष्ट है कि राजधानी के विकास की दिशा, जमीन के उपयोग और निर्माण संबंधी नियमों को लेकर कई वर्गों में असहमति है। अब इन आपत्तियों पर प्रशासन और संबंधित विभागों के निर्णय के बाद ही प्रस्तावित योजना का अंतिम स्वरूप सामने आएगा।

यह भी पढ़ें- MP में 24 पशु चिकित्सकों का प्रमोशन तीन माह बाद निरस्त, पदोन्नति नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई

क्रेडाई ने ये मांगें भी रखी

- टीडीआर पॉलिसी 2018 में आई थी, लेकिन अब तक कम संख्या में टीडीआर के प्रमाण पत्र जारी किए हैं। यह बंधन लगाकर विकास को रोका जा रहा है।
- आरजी-एक, दो और तीन क्षेत्रों के लिए डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में एक हेक्टेयर जमीन की बाध्यता खत्म की जाए। एक हेक्टेयर की बाध्यता केवल आरजी-चार जोन में ही लागू किया जाना चाहिए।
- पूर्व के मास्टर प्लान में इनर रिंग रोड को सुहागपुर कोलार रोड, रातीबड़ होते हुए इंदौर रोड से 45 मीटर मार्ग द्वारा जोड़ा गया था। मौजूदा ड्राफ्ट में 45 मीटर पश्चिमी रिंग को खत्म कर दिया है। जिससे अनेक निवेशकों के प्रोजेक्ट संकट में आ गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।