मध्य प्रदेश में बढ़ रहा बच्चों में कुपोषण, सामने आए डराने वाले आंकड़े
मध्य प्रदेश में बच्चों का कुपोषण चिंताजनक बना हुआ है, जहां अक्टूबर 2026 के पोषण ट्रैकर आंकड़ों के अनुसार पांच साल तक के लगभग 40% बच्चे ठिगनेपन से प्रभावित हैं।

मध्य प्रदेश में बच्चों का कुपोषण बढ़ा, पोषण ट्रैकर के आंकड़े चिंताजनक ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
मध्य प्रदेश में 40% बच्चे ठिगनेपन से प्रभावित हैं।
पिछले वर्ष की तुलना में कुपोषण की स्थिति बिगड़ी है।
पोषण आहार वितरण और आंगनवाड़ी सुविधाओं में सुधार आवश्यक।
मुकेश विश्वकर्मा, भोपाल। मध्यप्रदेश में बच्चों के कुपोषण की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां पांच साल तक की उम्र वाले प्रत्येक 10 बच्चों में से करीब चार अपनी उम्र के अनुपात में ठिगने हैं। वहीं, 23.3 प्रतिशत बच्चों का वजन सामान्य से कम है।
यह तस्वीर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के पोषण ट्रैकर एप के अक्टूबर 2026 के आंकड़ों से सामने आई है। इन आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में पांच साल तक के 51 लाख 22 हजार 847 बच्चों में से 51 लाख तीन हजार 206 बच्चों की लंबाई और वजन मापा गया है।
डराने वाले हैं आंकड़े..
इनमें 20 लाख 78 हजार 62 बच्चे ठिगनेपन (स्टंटिंग), 11 लाख 88 हजार 901 बच्चे कम वजन और तीन लाख 55 हजार 419 बच्चे दुबलेपन (वेस्टिंग) से प्रभावित पाए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार बच्चों में ठिगनेपन की दर 40.72 प्रतिशत, कम वजन की दर 23.30 प्रतिशत और दुबलेपन की दर 6.96 प्रतिशत दर्ज की गई है।
पोषण ट्रैकर के अनुसार प्रदेश में 97 हजार 882 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। पूरक पोषण आहार के लिए पात्र 65 लाख 90 हजार 347 हितग्राहियों में से 52 लाख 13 हजार 44 को महीने में कम से कम 15 दिन पोषण आहार मिला।
नियमित पोषण आहार पहुंचाना चुनौती
वहीं, 46 लाख 66 हजार 673 हितग्राहियों को कम से कम 21 दिन पोषण आहार मिला। इससे स्पष्ट है कि पात्र हितग्राहियों तक नियमित पोषण आहार पहुंचाने की चुनौती बनी हुई है। प्रदेश के 97 हजार 882 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 48 हजार 120 के पास अपना सरकारी भवन है। 84 हजार 797 केंद्रों में क्रियाशील शौचालय और 96 हजार 898 में पेयजल की सुविधा उपलब्ध दर्ज की गई है।
वहीं, 12 हजार 960 केंद्रों में ही क्रियाशील रसोई है। बॉक्स पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ा कुपोषण पिछले साल अक्टूबर में कुपोषण की तस्वीर अब से कुछ बेहतर थी। केंद्र सरकार ने शीतकालीन सत्र के दौरान राज्यसभा में बताया था कि मध्यप्रदेश में पांच साल के बच्चों में ठिगनापन 36.64 प्रतिशत, कम वजन 23.25 प्रतिशत और दुबलापन 8.45 प्रतिशत था।
तीनों पैमानों पर इस साल स्थिति पहले से खराब होती दिख रही है। बॉक्स बच्चों को सिर्फ दूध नहीं, पूरी थाली चाहिए इंडियन एकेडमी आफ पीडियाट्रिक्स में सेंट्रल इंडिया के एग्जीक्यूटिव मेंबर और चार साल तक मप्र के सचिव रहे डॉ राजेश टिक्कस ने बताया कि पांच साल तक के बच्चों में शारीरिक और मानसिक विकास आने वाले समय के लिए बहुत जरूरी होता है। इसमें आहार और विहार दोनों जरूरी हैं।
बच्चों को तीन बार खिलाएं खाना..
कुछ चीजें जेनेटिक यानी माता-पिता से मिलती हैं, लेकिन बहुत से अभिभावकों को न्यूट्रिशन की समझ नहीं है। इसलिए कुपोषण, एनीमिया, विटामिन डी की कमी और भी कई प्रकार के कुपोषण हो सकते हैं। बच्चों को संतुलित आहार देना चाहिए। यह बाडी का पूरा प्लान बनाता है।
बच्चों को दिन में तीन बार खाना खिलाएं और दो बार पौष्टिक नाश्ता कराएं। सब प्रकार का खाना खिलाएं। इसमें अनाज, सभी प्रकार की दालें, मौसमी सब्जी और फल खिलाएं। सिर्फ दूध ही नहीं पिलाना चाहिए। दो साल के बच्चे के लिए एक से दो पाव तक दूध काफी है। मां के शरीर के हिसाब से ही बच्चे की जरूरत आधी होती है।
मां को पूरी थाली खाना है तो बच्चे को आधी थाली खाना चाहिए। (जैसा की पोषण विशेषज्ञों ने बताया) इनका कहना है कि ठिगनेपन, कम वजन और दुबलेपन वाले बच्चों को चिन्हांकित कर आंगनबाड़ी स्तर पर विशेष निगरानी में रखा जाता है। पोषण आहार के वितरण को और नियमित करने के लिए जिलों को निर्देश दिए गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का काम भी चल रहा है। - स्वर्णिमा शुक्ला, संयुक्त संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश सरकार की बड़ी तैयारी, 2028 चुनाव से पहले दो लाख पदों पर होंगी भर्ती
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।