विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में 10 हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट लाने की तैयारी, दूध समितियों के गठन का नियम भी बदलेगा

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:21 PM (IST)

मध्य प्रदेश सरकार विधानसभा के शीतकालीन सत्र में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है। इसके साथ ही दुग्ध सहकारी समितियों के गठन के लिए सदस्यों की न्यूनतम संख्या 21 से घटाकर 10 करने का प्रस्ताव भी कैबिनेट में रखा जाएगा।

सीएम डॉ. मोहन यादव। (फाइल फोटो)

सीएम डॉ. मोहन यादव। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शीतकालीन सत्र में 10 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट।

  2. दुग्ध समितियों के लिए सदस्य संख्या 21 से 10 होगी।

  3. कैबिनेट बैठक में 15 प्रस्तावों पर होगा विचार।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के सात दिसंबर से शुरू होने जा रहे शीतकालीन सत्र में सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का होने का अनुमान है। बजट में सड़क, भवन और अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं को गति देने के लिए निर्माण से जुड़े विभागों को अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का प्रविधान किया जा सकता है।

इसके साथ ही प्रदेश में दुग्ध सहकारी समितियों के गठन की प्रक्रिया भी आसान होने जा रही है। अब समिति बनाने के लिए न्यूनतम 21 सदस्यों की अनिवार्यता खत्म कर 10 सदस्य करने का प्रस्ताव है। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद सहकारी अधिनियम में संशोधन का विधेयक विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।

10 हजार करोड़ से अधिक हो सकता है दूसरा अनुपूरक बजट

विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पेश होने वाले द्वितीय अनुपूरक बजट को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। कैबिनेट बैठक में इसके प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। बजट में खासतौर पर अधोसंरचना निर्माण से जुड़े विभागों की जरूरतों को प्राथमिकता मिल सकती है। सड़क, पुल, भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट का प्रविधान किया जा सकता है।

दूध समितियों के गठन के लिए 21 की जगह 10 सदस्य जरूरी

प्रदेश में सहकारिता के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, संग्रहण और विपणन का दायरा बढ़ाने के लिए सरकार नियमों में बदलाव करने जा रही है। फिलहाल दुग्ध सहकारी समिति के गठन के लिए कम से कम 21 सदस्यों की आवश्यकता होती है। प्रस्तावित संशोधन के बाद 10 सदस्य होने पर भी समिति बनाई जा सकेगी।

सरकार का मानना है कि सदस्य संख्या की अनिवार्यता कम होने से ग्रामीण क्षेत्रों में छोटी दुग्ध उत्पादक इकाइयों को सहकारी व्यवस्था से जोड़ना आसान होगा। इससे दूध संग्रहण और विपणन नेटवर्क के विस्तार को भी बढ़ावा मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण को लेकर MP में भाजपा का मेगा प्लान तैयार, गांव-गांव चौपाल लगाकर कांग्रेस को घेरेगी

कैबिनेट में 15 प्रस्तावों पर होगा विचार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में करीब 15 प्रस्तावों पर चर्चा प्रस्तावित है। इनमें वर्ष 2031 तक निरंतर जारी रहने वाली योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति देने के प्रस्ताव भी शामिल हैं। इसके अलावा दूसरे अनुपूरक बजट को अंतिम रूप देने और दुग्ध सहकारी समितियों के गठन से जुड़े नियमों में संशोधन पर निर्णय लिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।