महिला आरक्षण को लेकर MP में भाजपा का मेगा प्लान तैयार, गांव-गांव चौपाल लगाकर कांग्रेस को घेरेगी
भाजपा मध्य प्रदेश में महिला आरक्षण विधेयक पर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। पार्टी गांव-गांव चौपाल लगाकर महिलाओं को आरक्षण के फायदे बताएगी और कांग्रेस को घेरेगी।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
भाजपा महिला आरक्षण पर जनसंपर्क अभियान तेज करेगी।
गांव-गांव चौपाल लगाकर आरक्षण के फायदे बताएगी पार्टी।
कांग्रेस को घेरने की रणनीति के तहत मीडिया संवाद भी।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर मध्य प्रदेश में भाजपा अब जनसंपर्क अभियान तेज करने की तैयारी में है। पार्टी गांव-गांव चौपाल लगाकर महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक के फायदे जनता तक पहुंचाएगी। इसके जरिए महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण का संदेश देने के साथ कांग्रेस को भी घेरने की रणनीति बनाई गई है। भाजपा सोमवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर मीडिया संवाद आयोजित कर इस मुद्दे पर अपना पक्ष रखेगी।
पार्टी की रणनीति ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के बीच सीधे पहुंच बनाने की है। कार्यकर्ताओं को चौपालों के माध्यम से महिला आरक्षण के महत्व, राजनीतिक भागीदारी और केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता बताने के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा इन कार्यक्रमों में कांग्रेस पर महिलाओं को राजनीतिक अवसर देने में बाधा डालने का आरोप भी प्रचारित करेगी।
गांवों में चौपाल, महिलाओं को बताएगी आरक्षण के फायदे
भाजपा पदाधिकारियों के मुताबिक, चौपालों का मकसद केवल सरकार की उपलब्धियां बताना नहीं, बल्कि महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष के रुख से भी जनता को अवगत कराना है। कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के बीच जाकर बताएंगे कि केंद्र सरकार 2029 से 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लक्ष्य को लेकर प्रतिबद्ध है।
पार्टी इस अभियान के जरिए महिलाओं को कानून के प्रावधानों, राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उनकी हिस्सेदारी और भविष्य में मिलने वाले अवसरों की जानकारी देने पर जोर देगी। साथ ही महिला मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी।
कांग्रेस भी महिला कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने की तैयारी में
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा के अभियान के बीच कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है। मुख्य विपक्षी दल प्रदेश में महिला कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रशिक्षण देने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में भाजपा गांव-गांव चौपाल के जरिए इस मुद्दे पर पहले जनता तक पहुंचने और राजनीतिक माहौल अपने पक्ष में बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
यह भी पढ़ें- ‘रामेश्वर भी एक शादी करेगा, अब्दुल्ला भी एक’, UCC पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का बड़ा बयान
भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगा राज्यस्तरीय मीडिया संवाद
महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में राज्य स्तरीय मीडिया संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें मंत्री संपतिया उईके और कृष्णा गौर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे तथा पूर्व मंत्री और विधायक अर्चना चिटनिस व उषा ठाकुर मीडिया से चर्चा करेंगी। कार्यक्रम के जरिए पार्टी महिला आरक्षण को लेकर अपना राजनीतिक और संगठनात्मक पक्ष सामने रखेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।