विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने वाली बसों पर गिरेगी गाज, चालान नहीं अब परमिट निरस्त करने की तैयारी

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:39 PM (IST)

मध्य प्रदेश में यात्रियों से निर्धारित से अधिक किराया वसूलने वाली बसों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी। परिवहन आयुक्त ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. यात्रियों से अधिक किराया वसूलने पर अब परमिट निरस्त होंगे।

  2. परिवहन आयुक्त ने सभी आरटीओ को सख्त निर्देश दिए।

  3. कहा- नियम उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई तक सीमित न रहें।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में यात्री बसों से निर्धारित किराये से ज्यादा वसूली करने वाले ऑपरेटरों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है। यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन आयुक्त कार्यालय ने ऐसी बसों के परमिट निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सभी जिला परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) को आदेश जारी कर अधिक किराया वसूली की शिकायतों की जांच करने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित बसों को जब्त करने के लिए कहा गया है।

खास बात यह है कि ऑल इंडिया परमिट वाली बसों पर भी यह कार्रवाई लागू होगी। आरटीओ को परमिट निरस्त करने का अधिकार नहीं है, इसलिए उन्हें संबंधित बसों के परमिट रद करने की अनुशंसा परिवहन आयुक्त कार्यालय को भेजनी होगी। इसके बाद मुख्यालय स्तर से परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

1267 रुपये किराये वाली बस में वसूले ढाई हजार रुपये

मनमाने किराये वसूली का ताजा मामला बालाघाट में सामने आया है। यहां से दो दिन पहले कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने बालाघाट से इंदौर जा रही बसों में यात्रियों से बातचीत कर किराये की जानकारी ली। इस दौरान पता चला कि जिस बस का निर्धारित प्रति यात्री किराया 1267 रुपये था, उसमें यात्रियों से ढाई हजार रुपये तक वसूले जा रहे थे।

दीपावली के आसपास भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से निर्धारित किराये से तीन गुना तक राशि वसूलने की शिकायतें सामने आई थीं। अन्य जिलों में भी ऐसी शिकायतें मिलने के बावजूद आरटीओ स्तर पर केवल चालानी कार्रवाई की जा रही थी।

परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

परिवहन नियमों के अनुसार, शासन द्वारा निर्धारित किराये से अधिक राशि वसूलना परमिट की शर्तों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में केवल जुर्माना लगाने के बजाय परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। इसी को देखते हुए परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने सभी आरटीओ को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।

डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर किरण शर्मा ने बताया कि इस संबंध में सभी जिला परिवहन अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्हें शिकायतों की पुष्टि कर नियमानुसार कार्रवाई करने और परमिट निरस्तीकरण के प्रस्ताव मुख्यालय भेजने के लिए कहा गया है।

यह भी पढ़ें- भोपाल-इंदौर मेट्रो में सफर हुआ सस्ता, 50 रुपये के स्मार्ट कार्ड से हर यात्रा पर 25% की बचत; टिकट खरीदने की झंझट भी खत्म

सात अगस्त से बढ़ा था बसों का किराया

बता दें कि राज्य सरकार ने इसी वर्ष सात अगस्त से यात्री बसों का किराया बढ़ाया था। पहले जहां किराया 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर था, वहीं इसे बढ़ाकर दो रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया। इसके बावजूद त्योहारी सीजन में बस ऑपरेटरों द्वारा निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।