विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘मोह-मोह के धागे’ से ‘नशे सी चढ़ गई’ तक... MP के स्थापना दिवस समारोह में मोनाली ठाकुर ने बिखेरा सुरों का जादू, झूमे दर्शक

Published: Sun, 01 Nov 2026 10:47 PM (IST)

मोनाली ठाकुर ने मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस समारोह में अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। ...और पढ़ें

मंच पर प्रस्तुति देतीं गायिका मोनाली ठाकुर। (फोटो- जागरण)

मंच पर प्रस्तुति देतीं गायिका मोनाली ठाकुर। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. मोनाली ठाकुर ने मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह में प्रस्तुति दी।

  2. उन्होंने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

  3. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन किया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। ‘रेस धड़कन की... रेस चाहत की... अल्लाह दुहाई है... बेताबी छाई है...’ फिल्म ‘रेस-2’ के इस गाने के साथ जैसे ही बॉलीवुड गायिका मोनाली ठाकुर ने मंच पर एंट्री की, लाल परेड ग्राउंड तालियों और उत्साह से गूंज उठा। उनकी ऊर्जा से भरी प्रस्तुति ने शुरुआत से ही दर्शकों को बांध लिया।

मप्र के प्रति जाहिर किया लगाव

गाने के बाद मोनाली ने भोपाल और मध्यप्रदेश के प्रति अपना लगाव भी जाहिर किया। उन्होंने कहा, “भोपाल और मध्यप्रदेश मेरी पसंदीदा जगहों में से हैं। मैं यह बात सिर्फ इसलिए नहीं कह रही हूं कि आज यहां मौजूद हूं। देश के इस हिस्से का उदाहरण मैं हमेशा देती हूं कि यह कितना साफ-सुथरा है। हमारे देश के सभी लोग बहुत प्यारे हैं, लेकिन जब भी यहां आती हूं, मुझे बहुत प्यार मिलता है।”

लोकप्रिय गीतों से किया मनोरंजन

इसके बाद तो मोनाली ने एक के बाद एक अपने लोकप्रिय गानों की झड़ी लगा दी। ‘सवार लूं’, ‘मोह-मोह के धागे’, ‘ख्वाब देखे झूठे-मूठे’, ‘मैं नाचूं आज छमछम’, ‘खाली-पीली नुक्कड़ पर वेट तेरा किया रे’, ‘साड़ी के फॉल सा’, ‘तूने मारी एंट्रियां’, ‘चल दी कुड़ी’, ‘जरा-जरा टच मी’ और ‘नशे सी चढ़ गई’ जैसे गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। उन्होंने बीच-बीच में बंगाली गीतों की पंक्तियां भी सुनाईं और देवी गीत ‘आमार दुग्गा दुग्गा’ गाकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।

सीएम डॉ. मोहन ने किया उद्घाटन

मौका था मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह का। मध्यप्रदेश शासन की ओर से लाल परेड ग्राउंड में रविवार को आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति रही। उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पूरा मैदान दर्शकों से भरा नजर आया। खास बात यह रही कि संगीत संध्या रात 8:30 बजे शुरू हो गई और इसके बाद गीत-संगीत का सिलसिला देर तक चलता रहा।

यह भी पढ़ें- MP Foundation Day: पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को भेजा पत्र, कहा- एमपी से मेरा आत्मीय जुड़ाव रहा

‘देशराग’ में 71 बच्चों ने गाया ‘वंदे मातरम्’ 

समारोह की शुरुआत देशभक्ति से ओतप्रोत ‘देशराग’ प्रस्तुति से हुई। इसमें 71 बच्चों ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सुमधुर और भावपूर्ण सामूहिक गायन किया। बच्चों की एक स्वर में गूंजती आवाज ने वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस के सुसज्जित पुलिस बैंड ने गरिमामय राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान के भाव से भरी इन प्रस्तुतियों के बाद लाल परेड ग्राउंड के खुले आकाश में भव्य आतिशबाजी हुई। रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगा उठा और पूरा परिसर उत्सव के उल्लास से भर गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।