दीपावली पर MP की हवा में पटाखों के धुएं से घुला जहर: भोपाल में PM2.5 का स्तर 899 तक पहुंचा, कई शहरों में AQI 400 पार
दीपावली पर आतिशबाजी के कारण मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों की हवा गंभीर रूप से प्रदूषित हुई, भोपाल में PM2.5 ...और पढ़ें

भोपाल में पटाखों के धुएं से छाई घुंध। (फोटो- जागरण)
HighLights
दीपावली पर मध्य प्रदेश के शहरों में हवा गंभीर प्रदूषित हुई।
भोपाल में PM2.5 का स्तर 899 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर पहुंचा।
कई शहरों में AQI 400 पार, निगरानी डेटा में रुकावट आई।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। दीपावली पर हुई आतिशबाजी ने मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों की हवा को गंभीर रूप से प्रदूषित कर दिया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। भोपाल में हालात सबसे चिंताजनक रहे, जहां कलेक्टर कार्यालय के निगरानी केंद्र पर रविवार रात पीएम-2.5 का स्तर 899 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक दर्ज किया गया। प्रदूषण का स्तर अत्यधिक बढ़ने के बाद शहर के सरकारी निगरानी केंद्रों से कुछ समय के लिए आंकड़े जारी होना बंद हो गए।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में भी बिगड़ी हवा
रविवार शाम छह बजे दर्ज औसत एक्यूआई के आंकड़ों में भी प्रदूषण की गंभीर स्थिति सामने आई। भोपाल के टीटी नगर में एक्यूआई 404 रहा, जबकि इंदौर में 386, ग्वालियर में 372 और जबलपुर में 345 दर्ज किया गया। प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों पीथमपुर और सिंगरौली में भी हवा की गुणवत्ता खराब रही। वहीं, मंडीदीप के निगरानी केंद्र से एक्यूआई का आंकड़ा जारी नहीं किया गया।
रातभर हवा में बना रहा पटाखों का असर
दीपावली की रात हुई आतिशबाजी का असर अगली सुबह तक बना रहा। भोपाल के तीन सरकारी एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के अनुसार, रात से सुबह तक हवा में पीएम-2.5 कणों की मात्रा असामान्य रूप से अधिक रही।
पर्यावरण परिसर में सोमवार सुबह सात से आठ बजे के बीच पीएम-2.5 का स्तर 891 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गया। टीटी नगर में तड़के चार से 4:45 बजे के बीच यह 839 और कलेक्टर कार्यालय में रविवार रात 11 बजे से 12 बजे के बीच 772 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। एक निजी एजेंसी के आंकड़ों में गोविंदपुरा का एक्यूआई 1735 तक पहुंचने का दावा किया गया।
स्तर बढ़ते ही आंकड़े आना बंद
भोपाल के सरकारी निगरानी केंद्रों के डेटा में भी एक अहम स्थिति सामने आई। टीटी नगर स्टेशन पर दीपावली की रात 12 बजे एक्यूआई 785 दर्ज किया गया। इसके बाद आंकड़े जारी होना बंद हो गए। सोमवार सुबह पांच बजे जब दोबारा डेटा उपलब्ध हुआ, तब एक्यूआई 593 था।
कलेक्टर कार्यालय के निगरानी केंद्र पर रविवार रात 11 बजे के बाद कुछ समय तक आंकड़े उपलब्ध नहीं हुए। रात 12:15 बजे जारी डेटा में पीएम-2.5 का स्तर 899 दर्ज किया गया, जिसके बाद फिर आंकड़े आना बंद हो गए। सोमवार दोपहर दो बजे डेटा दोबारा जारी हुआ, तब पीएम-2.5 का स्तर 92 था।
इसी तरह पर्यावरण परिसर के निगरानी केंद्र पर रविवार रात 11 बजे पीएम-2.5 का स्तर 785 पहुंचने के बाद डेटा जारी होना बंद हो गया। सोमवार सुबह नौ बजे जब रिकॉर्ड उपलब्ध हुआ, तब इसका स्तर 549 दर्ज किया गया।
इन आंकड़ों से साफ है कि आतिशबाजी के बाद भोपाल की हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा रातभर बेहद ऊंची बनी रही। हालांकि, निगरानी केंद्रों से डेटा जारी होने में आए अंतराल के कारण प्रदूषण के पूरे उतार-चढ़ाव का आकलन करना भी चुनौतीपूर्ण रहा।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का AQI
उज्जैन - 412
भोपाल : 404
इंदौर : 386
ग्वालियर : 372
जबलपुर : 345
प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र वाले शहरों की स्थिति
सिंगरौली : 287
पीथमपुर : 254
मंडीदीप : मॉनिटरिंग मशीन बंद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।