विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'किसान कर्जदार और परेशान, उन्हें नशेड़ी बता रही भाजपा', रीवा सांसद के बयान पर जीतू पटवारी ने खोला मोर्चा; सीएम को भी घेरा

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:23 PM (IST)

रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों पर दिए विवादित बयान पर मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। ...और पढ़ें

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी। (फाइल फोटो)

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सांसद जनार्दन मिश्रा के किसान बयान पर सियासत गरमाई।

  2. जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार और सीएम पर साधा निशाना।

  3. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद और सीएम का पुतला फूंका।

डिजिटल डेस्क, राजगढ़। रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस बयान को लेकर सांसद के साथ भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कर्ज और परेशानियों से जूझ रहे किसानों को राहत देने के बजाय उन्हें नशेड़ी बताना सरकार की मानसिकता को उजागर करता है।

पटवारी राघौगढ़ में दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन यात्रा में शामिल होने जाते समय राजगढ़ जिले के उदनखेड़ी में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गेहूं, धान और सोयाबीन के लिए किसानों से बेहतर दाम देने के वादे किए थे, लेकिन अब तक उन वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए।

गेहूं, धान और सोयाबीन के दामों पर सरकार को घेरा

जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा ने गेहूं का भाव 2700 रुपये प्रति क्विंटल, धान का 3100 रुपये और सोयाबीन का 6000 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया था। उनके मुताबिक, इन वादों पर अब तक अमल नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान कर्ज और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। दिन-रात खेतों में मेहनत करने वाले किसानों को जब अपनी समस्याओं पर जवाब चाहिए, तब उन्हें नशेड़ी कहकर अपमानित किया जा रहा है।

बोले- किसानों का अपमान बर्दाश्त नहीं 

पटवारी ने कहा कि किसानों को नशेड़ी कहना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसानों को पर्याप्त बिजली तक नहीं मिल रही है और वे दिन-रात मेहनत करने के बावजूद परेशान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस बयान के खिलाफ आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा कि अब पूरे प्रदेश में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पुतले जलाए जाएंगे।

उदनखेड़ी में कार्यकर्ताओं ने फूंका सांसद का पुतला

पटवारी के निर्देश के बाद उदनखेड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान रोशन खत्री, शांतिलाल नागर, किसान कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमसिंह राजपूत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- सरकारी विभाग में कार अटैच कराने का झांसा, भोपाल में बड़ा वाहन ठगी रैकेट; 50 गाड़ियां जब्त

राजगढ़ के नाका नंबर तीन पर भी प्रदर्शन

सांसद के बयान के विरोध में राजगढ़ शहर में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। नाका नंबर तीन पर जिला कांग्रेस कमेटी और किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सांसद के बयान की कड़ी निंदा की। जिले में अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शनों के साथ यह मुद्दा अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।