सरकारी विभाग में कार अटैच कराने का झांसा, भोपाल में बड़ा वाहन ठगी रैकेट; 50 गाड़ियां जब्त
भोपाल में सरकारी विभागों में कार अटैच कराने का झांसा देकर वाहन ठगी का एक बड़ा रैकेट सक्रिय है। पुलिस ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
सरकारी विभाग में कार अटैच कराने का झांसा देकर ठगी।
ठग किराए पर ली गई लग्जरी कारें दूसरे राज्यों में बेचते थे।
भोपाल पुलिस ने करोड़ों रुपये की 50 से अधिक कारें जब्त कीं।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। नई कार खरीदकर उसे सरकारी विभाग में अटैच कराने और हर महीने तय किराया कमाने का सपना कई लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनता जा रहा है। थोड़ी डाउन पेमेंट देकर कार खरीदने और उसकी किश्त किराये से चुकाने की जुगत को ठगों ने धोखाधड़ी का जरिया बना लिया है। ट्रैवल एजेंसी संचालक बनकर आने वाले आरोपी सरकारी विभागों में गाड़ी लगाने का भरोसा दिलाते हैं, फिर वाहन हाथ में आते ही उन्हें दूसरे राज्यों में ले जाकर बेच देते हैं या गिरवी रख देते हैं।
भोपाल में इस तरह की धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शहर के अलग-अलग थानों में लगभग हर महीने ऐसे प्रकरण दर्ज हो रहे हैं। पुलिस इस साल करोड़ों रुपये कीमत की करीब 50 कारें जब्त कर चुकी है। जांच में सामने आया है कि ठगों के निशाने पर वे लोग हैं, जो बिना पूरी पड़ताल किए अपनी नई गाड़ियां किराये पर सौंप देते हैं।
न टेंडर की जांच, न वर्क ऑर्डर; भरोसे में सौंप देते हैं कार
ठगी का तरीका काफी हद तक एक जैसा है। आरोपित खुद को ट्रैवल एजेंसी संचालक बताकर कार मालिकों से संपर्क करते हैं। वे एयरपोर्ट या सरकारी विभागों में वाहन अटैच कराने और हर महीने आकर्षक किराया देने का वादा करते हैं। नियमित आमदनी के लालच में लोग नई कार खरीदकर उन्हें सौंप देते हैं।
कई मामलों में वाहन मालिक केवल सामान्य किरायानामा या एग्रीमेंट बनवाते हैं। वे न तो संबंधित विभाग का वर्क ऑर्डर देखते हैं और न ही यह पता करते हैं कि एजेंसी को वास्तव में टेंडर मिला है या नहीं। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपित गाड़ी अपने कब्जे में ले लेते हैं।
जीपीएस बंद कर दूसरे राज्यों में ले जाते हैं वाहन
कार हाथ में आते ही ठग सबसे पहले उसका जीपीएस बंद कर देते हैं, ताकि मालिक वाहन की लोकेशन न जान सके। इसके बाद मोबाइल फोन बंद कर संपर्क तोड़ लेते हैं। शुरुआत में किराया देने और गाड़ी विभाग में अटैच होने का भरोसा दिलाया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद वाहन को दूसरे राज्य ले जाकर बेच दिया जाता है या गिरवी रख दिया जाता है।
दूसरे राज्यों में खरीदारों या फाइनेंसरों को बताया जाता है कि रुपयों की तत्काल जरूरत है। इसके बदले दो से पांच लाख रुपये में कार गिरवी रखने का प्रस्ताव दिया जाता है। रकम लौटाने पर वाहन के दस्तावेज देने का भरोसा भी दिलाया जाता है। कई बार गाड़ियां सस्ते दामों पर बेच दी जाती हैं। इस तरह मूल वाहन मालिक के साथ-साथ कार खरीदने या गिरवी रखने वाला व्यक्ति भी ठगी का शिकार हो सकता है।
80 लाख की लग्जरी कारें बेचने वाला आरोपित गिरफ्तार
अयोध्या नगर पुलिस ने एयरपोर्ट और सरकारी विभागों में कारें अटैच कराने का झांसा देकर वाहन बेचने वाले गिरोह के सदस्य आलोक चौबे को गिरफ्तार किया था। आरोपित ने साथियों के साथ मिलकर किसानों और वाहन मालिकों से लग्जरी कारें किराये पर लीं और उन्हें सस्ते दामों पर बेच दिया। पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये कीमत के पांच वाहन बरामद किए।
अरेरा हिल्स पुलिस ने चार करोड़ की 36 कारें कीं जब्त
अरेरा हिल्स पुलिस ने ट्रैवल एजेंसियों और निजी वाहन मालिकों से कारें किराये पर लेकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मास्टरमाइंड शैलेश जोशी समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि गिरोह भोपाल से कारें सीहोर के दोराहा ले जाता था, जहां जीपीएस बंद कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में उन्हें बेच दिया जाता था। पुलिस इस मामले में करीब चार करोड़ रुपये कीमत की 36 कारें बरामद कर चुकी है।
फर्जी मालिक बनकर बेचते थे किराये की गाड़ियां
बागसेवनिया पुलिस ने किराये पर ली गई कारों को फर्जी तरीके से बेचने वाले गिरोह के सदस्य राहुल जोशी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सैयद जमीर, शम्मी खान और समीर खान समेत अन्य आरोपितों के नाम सामने आए। गिरोह के सदस्य फर्जी वाहन मालिक बनकर कारें बेचते या गिरवी रख देते थे। पुलिस ने इस मामले में करीब 1.10 करोड़ रुपये कीमत के आठ वाहन जब्त किए।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शराब पीने से रोका तो युवक ने पानी की टंकी से कूदकर दी जान, भाई की मनुहार पर भी नहीं माना
कार मालिक इन बातों का रखें ध्यान
- कार किराये पर देने से पहले ट्रैवल एजेंसी का पंजीकरण और वास्तविक पहचान जांचें।
- सरकारी विभाग में वाहन अटैच होने का दावा हो तो संबंधित विभाग का टेंडर और वर्क ऑर्डर जरूर देखें।
- केवल साधारण किरायानामे के भरोसे वाहन न सौंपें; अनुबंध में वाहन की सुरक्षा, उपयोग और वापसी की शर्तें स्पष्ट रखें।
- जीपीएस ट्रैकिंग चालू रखें और वाहन की नियमित लोकेशन की निगरानी करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।