गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी से मांगी 10 करोड़ की फिरौती, पुर्तगाल के नंबरों से आए कॉल
इंदौर में एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी से गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। ...और पढ़ें

गैंगस्टर रोहित गोदारा।
HighLights
इंदौर के कारोबारी से 10 करोड़ की फिरौती मांगी गई।
गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर धमकी भरे कॉल आए।
पुर्तगाल के नंबरों से धमकी, क्राइम ब्रांच कर रही जांच।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर में एक बार फिर गैंगस्टर्स के नाम पर कारोबारियों को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा का हैंडलर सागरसिंह शेखावत बताया है। उसने पुर्तगाल के अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों से कॉल कर रकम नहीं देने पर कारोबारी को गोली मारने और घर से अगवा करने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम (SIT) ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार दिन से आ रहे थे धमकी भरे कॉल
पुलिस के अनुसार, लसूड़िया क्षेत्र की सिंगापुर टाउनशिप में रहने वाले 45 वर्षीय संजय भूरिया का देवास नाका पर ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। वह हेतराम भूरिया के पुत्र हैं। शनिवार को उन्होंने डीसीपी (क्राइम) राजेश त्रिपाठी से शिकायत की कि पिछले चार दिनों से उन्हें अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार फोन आ रहे हैं।
कॉल करने वाले ने अपनी पहचान सागरसिंह शेखावत के रूप में बताई और खुद को रोहित गोदारा का हैंडलर बताया। उसने संजय से 10 करोड़ रुपये की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि रकम नहीं देने या पुलिस से शिकायत करने पर उन्हें गोली मार दी जाएगी और घर से अगवा कर लिया जाएगा।
विदेशी नंबरों से कॉल, VPN के इस्तेमाल की आशंका
ट्रांसपोर्ट कारोबारी ने धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिन नंबरों से फोन किए गए, वे पुर्तगाल के हैं। पुलिस को आशंका है कि कॉल करने वालों ने अपनी असली लोकेशन और पहचान छिपाने के लिए वीपीएन नेटवर्क का इस्तेमाल किया है। क्राइम ब्रांच की एसआईटी अब कॉल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य डिजिटल इनपुट के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें- कोविड में छूटी नौकरी, 70 हजार का बकाया... इंदौर में रिटायर्ड DSP के बेटे ने होटल की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान
संगीन अपराधों से जुड़ा रोहित का नाम
गैंगस्टर रोहित गोदारा का नाम देश के कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। जयपुर में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में भी उसका नाम जुड़ा था। अप्रैल 2024 में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा भी रोहित ने किया था।
इसके अलावा पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड और कनाडा-अमेरिका से जुड़ी कई आपराधिक वारदातों में भी उसका नाम सामने आ चुका है।
फर्जी पासपोर्ट से दुबई भागा था
जानकारी के मुताबिक, रोहित गोदारा वर्ष 2022 में पवन कुमार के नाम से कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट बनवाकर भारत से दुबई भाग गया था। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है। अब इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी से उसके नाम पर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले ने शहर में कारोबारी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।