विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल के वैज्ञानिकों ने रचा इतिहास: देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन लॉन्च, मात्र 2 रुपये में लगेगा टीका

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:41 PM (IST)

भोपाल के वैज्ञानिकों ने देश की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन विकसित की है, जिसका लोकार्पण केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। यह टीका पोल्ट्री उद्योग को भारी नुकसान से बचाएगा और मनुष्यों में संक्रमण का खतरा भी कम करेगा, जिसकी अनुमानित लागत 1-2 रुपये प्रति खुराक है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बर्ड फ्लू वैक्सीन लॉन्च की।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बर्ड फ्लू वैक्सीन लॉन्च की।

HighLights

  1. भोपाल में विकसित हुई देश की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन।

  2. यह टीका पोल्ट्री उद्योग को भारी आर्थिक नुकसान से बचाने में मदद करेगा।

  3. इस वैक्सीन की एक खुराक की अनुमानित लागत मात्र एक से दो रुपये होगी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बर्ड फ्लू के प्रकोप से पोल्ट्री उद्योग और मुर्गीपालकों को होने वाले भारी नुकसान को रोकने की दिशा में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भोपाल के वैज्ञानिकों ने देश की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन विकसित कर ली है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (निहसाद), आनंद नगर के वैज्ञानिकों ने यह टीका एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के खिलाफ तैयार किया है।

शुक्रवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस वैक्सीन का औपचारिक लोकार्पण किया। उन्होंने वैज्ञानिकों की उपलब्धि की सराहना करते हुए संस्थान में 300 करोड़ रुपये की लागत से बीएसएल-4 लैब बनाने की घोषणा भी की। इस वैक्सीन से मुर्गियों को करीब छह महीने तक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। इसकी खास बात यह है कि एक खुराक की अनुमानित कीमत महज एक से दो रुपये हो सकती है।

भोपाल के वैज्ञानिकों ने 11 महीने में तैयार की वैक्सीन

इस स्वदेशी वैक्सीन को विकसित करने का काम सितंबर 2025 में शुरू हुआ था और अगस्त 2026 में इसे तैयार कर लिया गया। NIHSAD के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल के मार्गदर्शन और वैज्ञानिक डॉ. एस. नागराजन के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने इस पर काम किया।

संस्थान में वैक्सीन का परीक्षण भी किया गया। इसके तहत टीका लगाई गई मुर्गी को बर्ड फ्लू के वायरस के संपर्क में लाया गया। परीक्षण के दौरान उसके साथ रखी दूसरी मुर्गी में संक्रमण नहीं फैला। इससे वैक्सीन की संक्रमण प्रसार रोकने की क्षमता के संकेत मिले।

यह टीका विशेष रूप से अंडा देने वाली मुर्गियों और चूजे पैदा करने वाले प्रजनन पक्षियों के लिए उपयोगी होगा। इसके इस्तेमाल से पोल्ट्री फार्मों में संक्रमण फैलने, वायरस के उत्सर्जन और दूसरे पक्षियों तक बीमारी पहुंचने की आशंका कम करने में मदद मिल सकती है।

सालाना 100 करोड़ खुराक की मांग का अनुमान

देश में करीब 85.18 करोड़ मुर्गियों की आबादी को देखते हुए इस वैक्सीन की उपयोगिता काफी व्यापक मानी जा रही है। संस्थान के अनुसार, इसकी एक खुराक की अनुमानित कीमत एक से दो रुपये होगी, जबकि सालाना मांग 80 से 100 करोड़ खुराक तक पहुंच सकती है।

अब तक भारत में इस वायरस के संबंधित क्लेड के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। बर्ड फ्लू का प्रकोप होने पर संक्रमित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मुर्गियों को नष्ट करना पड़ता है, जिससे पोल्ट्री कारोबारियों और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। वैक्सीन के इस्तेमाल से इस नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।

इंसानों में संक्रमण का खतरा घटाने में भी मददगार

आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट ने इस उपलब्धि को 'वन हेल्थ' की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 से भारत में H5N1 के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। पक्षियों में ही संक्रमण को नियंत्रित करने से मनुष्यों तक पशुजन्य बीमारी पहुंचने का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कहा कि देश में 90 लाख से अधिक छोटे, मध्यम और घरेलू स्तर के पोल्ट्री पालक इस व्यवसाय से जुड़े हैं। बर्ड फ्लू के कारण मुर्गियों की मौत और उन्हें बड़े पैमाने पर नष्ट करने से इन परिवारों की आजीविका प्रभावित होती है। स्वदेशी वैक्सीन इस नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में SIR के बाद SSR में बढ़े 8.9 लाख वोटर, कहां-किसके नाम जोड़े... BJP-कांग्रेस दोनों ने मांगी जानकारी

शिवराज बोले- वैज्ञानिकों ने सैनिकों की तरह किया काम

वैक्सीन के लोकार्पण के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने वैज्ञानिकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भारत की पहली पूर्णतः स्वदेशी H5N1 वैक्सीन आत्मनिर्भर भारत की वैज्ञानिक क्षमता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों ने कई महीनों तक बिना छुट्टी लिए दिन-रात अनुसंधान किया और सैनिकों की तरह समर्पण दिखाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि NIHSAD में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 300 करोड़ रुपये की लागत से बीएसएल-4 लैब बनाई जाएगी। वैज्ञानिकों को शोध के लिए जरूरी संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी।

टीम के आठ वैज्ञानिक सम्मानित

कार्यक्रम में वैक्सीन विकसित करने वाली टीम के आठ वैज्ञानिकों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच.वी. मुरुगार, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. डी. सेंथिल कुमार, डॉ. नवीन कुमार और डॉ. आर. योगीशराध्या शामिल हैं।

इस अवसर पर खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, सांसद आलोक शर्मा, ICAR के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट, उप महानिदेशक डॉ. राघवेंद्र भट्टा और NIHSAD निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल सहित वैज्ञानिक तथा पोल्ट्री उद्योग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम से पहले आयोजित पशु स्वास्थ्य तकनीक प्रदर्शनी में ICAR के पांच संस्थानों की स्वदेशी तकनीकों, टीकों और रोग जांच प्रणालियों का प्रदर्शन किया गया। इसमें 500 से अधिक किसान, पशु चिकित्सक, विद्यार्थी और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।