भोपाल में तैयार हुई देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन, 20 नवंबर को शिवराज सिंह चौहान करेंगे लॉन्च
भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान ने देश की पहली स्वदेशी हाई पैथोजेनिक बर्ड फ्लू वैक्सीन विकसित की है। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
पहली स्वदेशी हाई पैथोजेनिक बर्ड फ्लू वैक्सीन भोपाल में विकसित।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को करेंगे लॉन्च।
पोल्ट्री उद्योग और मानव स्वास्थ्य को मिलेगी बड़ी सुरक्षा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। बर्ड फ्लू के खतरे से निपटने के लिए भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान ने देश की पहली स्वदेशी हाई पैथोजेनिक बर्ड फ्लू वैक्सीन विकसित की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को इस वैक्सीन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। अब तक इस बीमारी से बचाव के लिए भारत को दूसरे देशों में विकसित वैक्सीन पर निर्भर रहना पड़ता था।
संस्थान ने H5N1 क्लेड 2.3.2.1ए अत्यधिक रोगजनक (हाई पैथोजेनिक) एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस के खिलाफ यह वैक्सीन तैयार की है। इसका इस्तेमाल मुर्गियों को बर्ड फ्लू के खतरनाक संक्रमण से सुरक्षा देने के लिए किया जाएगा।
मुर्गियों के साथ इंसानों की सुरक्षा के लिए भी अहम
राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल के मुताबिक, बर्ड फ्लू को केवल मुर्गियों तक सीमित बीमारी मानना सही नहीं है। इसका वायरस इंसानों तक भी पहुंच सकता है। ऐसे में मुर्गियों का समय पर टीकाकरण मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि स्वदेशी वैक्सीन उपलब्ध होने से देश में बर्ड फ्लू के संक्रमण पर तेजी से नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। इससे बीमारी के प्रसार को रोकने की क्षमता भी मजबूत होगी।
पोल्ट्री कारोबारियों को बड़े नुकसान से मिलेगी राहत
बर्ड फ्लू फैलने पर पोल्ट्री उद्योग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। संक्रमण की स्थिति में कई बार पूरे फार्म की मुर्गियों को मारना पड़ता है। इससे कारोबारियों को बड़ा नुकसान होता है। वैक्सीन उपलब्ध होने से मुर्गियों को पहले ही संक्रमण के खिलाफ सुरक्षा दी जा सकेगी और बीमारी फैलने की आशंका तथा उससे होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
लो पैथोजेनिक वैक्सीन भी बना चुका है संस्थान
राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान इससे पहले लो पैथोजेनिक बर्ड फ्लू वायरस के खिलाफ भी वैक्सीन विकसित कर चुका है। अब हाई पैथोजेनिक वायरस के लिए वैक्सीन तैयार होने से बर्ड फ्लू के दोनों स्वरूपों से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे देश की पोल्ट्री इंडस्ट्री को विदेशी वैक्सीन पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल सकती है।