बगैर परीक्षा सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका, डाक विभाग में निकली बंपर भर्तियां, 10वीं के अंकों से चयन, यहां जानें डिटेल्स
भारतीय डाक विभाग ने 2026 के लिए 28,740 जीडीएस पदों पर भर्ती निकाली है, जिसमें ब्रांच पोस्ट मास्टर और असिस्टेंट ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारतीय डाक विभाग ने बड़ी सौगात दी है। इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती 2026 के तहत देशभर के 23 सर्किलों में ब्रांच पोस्ट मास्टर (BPM) और असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर (ABPM) के 28,740 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी और चयन पूरी तरह 10वीं कक्षा के अंकों पर आधारित मेरिट लिस्ट से किया जाएगा।
मध्य प्रदेश के लिए 2120 पद
ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती के अंतर्गत विभिन्न राज्यों में पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें मध्य प्रदेश के लिए 2120 पद शामिल हैं। ऐसे में 10वीं पास युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
10वीं पास अभ्यर्थियों को सीधा फायदा
इस भर्ती में परीक्षा का झंझट नहीं है। उम्मीदवारों का चयन 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों के प्रतिशत के आधार पर तैयार की गई मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। जिनके अंक अधिक होंगे, उनके चयन की संभावना भी उतनी ही ज्यादा रहेगी।
शैक्षणिक योग्यता और जरूरी शर्तें
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय होना चाहिए और स्थानीय भाषा का अध्ययन भी आवश्यक है। इसके साथ ही कंप्यूटर का सामान्य ज्ञान और साइकिल चलाने की क्षमता भी जरूरी शर्तों में शामिल है।
आयु सीमा
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया
पूरी प्रक्रिया मेरिट आधारित होगी। पहले राज्यवार मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी, इसके बाद दस्तावेज सत्यापन के जरिए अंतिम चयन किया जाएगा।
वेतनमान
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार मानदेय मिलेगा।
ब्रांच पोस्ट मास्टर (BPM): 12,000 से 29,000 रुपये प्रतिमाह
असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर (ABPM): 10,000 से 24,470 रुपये प्रतिमाह
आवेदन की अहम तारीखें
आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 14 फरवरी 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- MP में अब पुलिसकर्मियों को नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर, छुट्टी से लेकर डेपुटेशन तक सबकी ऑनलाइन मिलेगी मंजूरी
विशेषज्ञ की सलाह
प्रतियोगी परीक्षाओं के विशेषज्ञ अनेकांत जैन का कहना है कि उम्मीदवार केवल एक ही सर्किल से आवेदन करें। आवेदन फॉर्म में नाम, जन्मतिथि और विषयवार अंक 10वीं की मार्कशीट के अनुसार ही भरें, क्योंकि किसी भी तरह की गलती होने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
