विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में 75 साल की वृद्धा की बेरहमी से हत्या, गहने लूट के साथ सोने का नकली दांत भी उखाड़ ले गए बदमाश

Published: Fri, 06 Nov 2026 07:44 PM (IST)

शाहजहांनाबाद की वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर अज्ञात बदमाश गहने लूट ले गए। पुलिस ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. शाहजहांनाबाद की वाजपेयी नगर मल्टी में हुई वारदात।

  2. घटना के वक्त वृद्धा का मूक-बधिर बेटा काम पर गया था।

  3. पुलिस को करीबियों पर शक, 10 हजार का इनाम घोषित।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के शाहजहांनाबाद इलाके की वाजपेयी नगर मल्टी में बदमाशों ने लूटपाट के लिए 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। घर में अकेली कलरी देवी को बदमाशों ने पहले बुरी तरह पीटा, फिर उनके शरीर से सोने की नाक की लौंग, कान के झुमके और पैरों की पायल लूट ली। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपितों ने महिला के मुंह पर इतने मुक्के मारे कि उनके नकली दांत तक टूट गए। इसके बाद दांतों में लगा सोना भी निकाल लिया। विरोध करने पर गला दबाकर उनकी जान ले ली और फरार हो गए।

वारदात के बाद वृद्धा का शव बाथरूम के सामने पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या और लूट के मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।

बेटा ड्यूटी पर था, घर में अकेली थीं वृद्धा

पुलिस के अनुसार, कलरी देवी अपने इकलौते मूक-बधिर बेटे के साथ वाजपेयी नगर मल्टी के फ्लैट में रहती थीं। उनका बेटा श्यामला हिल्स स्थित एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। उनकी चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना के समय बेटा ड्यूटी पर गया हुआ था और घर में कलरी देवी अकेली थीं।

दोपहर करीब दो बजे पड़ोस में रहने वाली वर्षा ने उनसे बातचीत की थी। शाम करीब 4:30 बजे जब वह काम से लौटीं तो फ्लैट का दरवाजा खुला मिला। आवाज देने पर अंदर से कोई जवाब नहीं आया। संदेह होने पर वह भीतर पहुंचीं तो बाथरूम के सामने कलरी देवी अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उनके गले पर चोट के निशान थे और खून भी निकला हुआ था।

पड़ोसियों और रिश्तेदारों को जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

नकली दांत तोड़कर निकाला सोना

इस हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के शरीर के गहने लूटने के साथ नकली दांत में लगा सोना भी नहीं छोड़ा। दांत तोड़कर सोना निकालने की घटना से पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि आरोपितों को महिला के गहनों और दांत में सोना होने की पहले से जानकारी थी।

घटनास्थल पर संघर्ष के निशान मिले हैं। महिला के शरीर पर कई चोटें थीं और गले पर भी खून के निशान पाए गए। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।

करीबी लोगों पर भी नजर 

पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि कलरी देवी के घर नियमित रूप से कौन आता-जाता था और उनकी दिनचर्या की जानकारी किन लोगों को थी। बेटे और अन्य परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इलाके के संदिग्धों और पुराने अपराधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- भोपाल में भाजपा विधायक के बंगले में चोरी! खिड़की के सरिये तोड़कर घुसे बदमाश, टीवी-ड्रायफ्रूट्स ले गए

एसीपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने एसीपी अनिल वाजपेयी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। इसमें शाहजहांनाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान, गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर, इंस्पेक्टर राजवीर और योगिता के साथ क्राइम ब्रांच तथा साइबर टीम को शामिल किया गया है।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।