हरदा में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पिता व मासूम पुत्र समेत तीन की मौत
हरदा-मगरधा मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बरखेड़ी बस स्टॉप ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
हरदा-मगरधा मार्ग पर दो बाइकों की भीषण टक्कर हुई।
हादसे में पिता दिलीप, पुत्र आयुष और देवेंद्र की मौत।
बरखेड़ी बस स्टॉप के पास रात 10 बजे घटना घटी।
डिजिटल डेस्क, हरदा। हरदा-मगरधा मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। बरखेड़ी बस स्टॉप के पास रात करीब 10 बजे दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हुई। मृतकों में 10 साल का बच्चा और एक सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं।
पिता के साथ बाइक पर जा रहा था 10 वर्षीय पुत्र
हादसे में भुराली निवासी दिलीप पिता विश्राम (40) और उनके बेटे आयुष (10) की मौत हो गई। आयुष कक्षा पहली का छात्र था। दोनों एक बाइक पर सवार थे। दूसरी बाइक पर दुलिया निवासी देवेंद्र पिता अजब वर्मन (55) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वह रहटगांव तहसील कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे।
भोपाल ले जाते समय बच्चे ने भी तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद घायल दिलीप और आयुष को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। दिलीप ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया। आयुष की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर किया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में तीनों बाइक सवारों की जान चली गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल में तैयार हुई देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन, 20 नवंबर को शिवराज सिंह चौहान करेंगे लॉन्च
पिता-पुत्र की मौत से गांव में शोक
एक ही परिवार के पिता-पुत्र की मौत की खबर से भुराली गांव में मातम छा गया। वहीं, देवेंद्र वर्मन के परिवार में भी शोक की लहर है। बुधवार को तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीण और परिचित बड़ी संख्या में मृतकों के घर पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।