विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sehore News: गुजरात की रोबोटिक आर्म टीम पहुंची मुंगावली, सृष्टि को बचाने के लिए शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

By Jagran NewsEdited By: Preeti Gupta
Published: Thu, 08 Jun 2023 10:47 AM (IST)

सिहोर के मुगावली गांव में बोरेवल में फंसी बच्ची को बचाने के लिए गुजरात की रोबोटिक आर्म टीम घटनास्थल पर ...और पढ़ें

गुजरात की रोबोटिक आर्म टीम सृष्टि को बचाने पहुंची मुंगावली
गुजरात की रोबोटिक आर्म टीम सृष्टि को बचाने पहुंची मुंगावली

सीहोर, ऑनलाइन डेस्क। सिहोर के मुगावली गांव में मंगलवार 6 जून को दोपहर 1:15 बजे ढाई साल की सृष्टि खेलते समय करीब 300 फीट गहरे बोरवेल के गड्ढे में गिर गई थी। बच्ची को बचाने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जिला प्रशासन ने बच्ची को बचाने के लिए दिल्ली और जोधपुर की एक्सपर्ट टीम को बुलाया था। वहीं, गुजरात की स्पेशल रोबोट टीम से भी मासूम सृष्टि को बचाने के लिए मदद मांगी गई थी। गुजरात की रोबोट टीम मुगावली गांव पहुंच चुकी है।

रोबोट टीम ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

टीम सुबह 9 बजे मुंगावली पहुंची। उन्होंने यहां पहुंचते ही बोरवेल से सृष्टि को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू कर दिया है। वहीं, दूसरी तरफ पोकलेन और रॉक ड्रिल मशीन से सुबह 9 बजे तक 42 फीट गहरा गड्ढा खोदा जा चुका है। जिला प्रशासन सहित एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर रेस्क्यू में जुटी हुई है। बुधवार को एनडीईआरएफ व एसडीईआरएफ के प्रयास विफल होने के बाद बैरागढ़ ईएमई सेंटर से सेना के जवानों को बुलाया गया था।

ऊपर आते-आते नीचे गिरी बच्ची

मासूम सृष्टि को बुधवार शाम तक नहीं निकाला जा सका था। बुधवार को बैरागढ़ इलेक्टि्कल एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ईएमई) सेंटर से पहुंचे सेना के जवानों ने रेस्क्यू आपरेशन का तरीका बदला। उन्होंने रॉड के हुक में फंसाकर बच्ची को निकालने की कोशिश की। ऐसा लग ही रहा था कि बच्ची को इसके माध्यम से निकाल लिया जाएगा। लेकिन सृष्टि 90 फीट ऊपर तक आने के बाद सिर्फ 10 फीट दूर थी, तभी हुक से वह छूट गई और खिसक कर 150 फीट नीचे पहुंच गई।

एनडीईआरएफ और एसडीईआरएफ से नहीं हुआ रेस्क्यू

सृष्टि के 150 फीट नीचे जाने के बाद एनडीईआरएफ और एसडीईआरएफ ने हाथ खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि इतनी गहराई से बच्ची को निकालने के लिए हमारे पास संसाधन नहीं हैं। अब प्रशासन ने दिल्ली और राजस्थान के जोधपुर से और गुजरात से बोरवेल में गिरे बच्चों को निकालने वाले विशेषज्ञों को बुलाया था, जिसके बाद गुजरात की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुट गई है।

दिल्ली और जोधपुर की एक्सपर्ट टीम करेगी रेस्क्यू

दिल्ली और जोधपुर की एक्सपर्ट टीम से भी बच्ची को निकालने के लिए मदद मांगी गई है। वह आज घटनास्थल पर पहुंच कर बच्ची को रेस्क्यू करेंगे। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि एक्सपर्ट टीम जरूर मासूम को रेस्क्यू कर लेगी। उसे निकालने के लिए जमीन की खोदाई के दौरान मशीनों की धमक से वह 100 फीट नीचे खिसककर फंस गई थी। बच्ची तक पहुंचने के लिए खोदाई का काम जारी है। इधर, जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी और होमगार्ड कमांडेंट कुलदीप मलिक ने बताया कि बच्ची करीब 150 फीट नीचे खिसक गई है।