गधे की फोटो के साथ 'डंकी' के नाम से नर्सिंग रजिस्ट्रेशन! भोपाल पुलिस ने NSUI नेता और काउंसिल अधिकारी को किया तलब
मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में गधे की तस्वीर के साथ 'डंकी' के नाम पर फर्जी नर्सिंग रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र जारी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत पर एनएसयूआई नेता रवि परमार और काउंसिल अधिकारी को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है।

गधे के नाम जारी किया नर्सिंग प्रमाण पत्र।
HighLights
गधे की तस्वीर पर 'डंकी' नाम से नर्सिंग रजिस्ट्रेशन।
पुलिस ने एनएसयूआई नेता और काउंसिल अधिकारी को बुलाया।
फर्जीवाड़े की उच्चस्तरीय जांच और FIR की मांग।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में फर्जीवाड़े का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, काउंसिल से गधे की तस्वीर के साथ 'डंकी' के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। टीटी नगर पुलिस ने इस शिकायत पर एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और काउंसिल के एक अधिकारी को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है।
थाना प्रभारी की ओर से 26 नवंबर 2026 को जारी नोटिस में दोनों पक्षों को शिकायत के संबंध में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत में आरोप है कि नर्सिंग रजिस्ट्रेशन जारी करते समय जरूरी दस्तावेजों और शैक्षणिक योग्यता का समुचित सत्यापन नहीं किया गया।
तीन साल से उठा रहे नर्सिंग व्यवस्था में गड़बड़ियों का मुद्दा
एनएसयूआई नेता रवि परमार का कहना है कि वह पिछले तीन वर्षों से प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता, निरीक्षण, प्रवेश प्रक्रिया और रजिस्ट्रेशन व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
उनका कहना है कि नर्सिंग रजिस्ट्रेशन केवल एक प्रमाण-पत्र नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में काम करने की कानूनी पात्रता से जुड़ा दस्तावेज है। ऐसे में यदि बिना शैक्षणिक योग्यता और दस्तावेजों की जांच किए रजिस्ट्रेशन जारी किए जाते हैं, तो यह स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उच्चस्तरीय जांच और FIR दर्ज करने की मांग
रवि परमार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में शामिल जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा संदिग्ध प्रमाण-पत्रों को निरस्त करने की मांग भी उठाई है।
परमार ने पुलिस जांच में सहयोग करने की बात कही है। हालांकि, व्यक्तिगत कारणों से 29 नवंबर को उपस्थित होने में असमर्थता जताते हुए उन्होंने 27 नवंबर को ही अपना बयान दर्ज करने का अनुरोध किया है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: 9 बार के भाजपा विधायक गोपाल भार्गव का राजनीति से संन्यास का ऐलान, रखी यह शर्त
रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज और डिजिटल पोर्टल की जांच की मांग
परमार ने मांग की है कि पुलिस केवल शिकायत तक सीमित न रहे, बल्कि रजिस्ट्रेशन से जुड़े मूल दस्तावेजों, संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और डिजिटल पोर्टल की भी जांच करे। उनका कहना है कि जांच में जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।