दिल्ली से बस में बैठकर भोपाल आ रहा था ड्रग तस्कर, सोनकच्छ टोल पर 6.64 किलो एंफेटामाइन के साथ गिरफ्तार
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोनकच्छ टोल प्लाजा पर दिल्ली से भोपाल आ रहे एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

तस्कर से बरामद ड्रग। (सौजन्य- डीआरआई)
HighLights
ड्रग तस्करों पर डीआरआई लगातार कर रहा कार्रवाई।
सोनकच्छ टोल प्लाजा पर 6.64 किलो एंफेटामाइन जब्त।
आरोपी बेंगलुरु के एनडीपीएस मामले में जमानत पर था।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। बस से ड्रग तस्करी के मामले मध्य प्रदेश में आए दिन सामने आ रहे हैं। अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) भोपाल पर एक माह में तीन बार ड्रग जब्त की गई है। वहीं, एक अन्य मामले में गोविंदपुरा थाने के सामने ड्रग पकड़ाई थी। गुरुवार को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने दिल्ली से बस से भोपाल आ रहे ड्रग तस्कर को सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार किया।
तलाशी लेने पर उसके पास से 6.64 किलो एंफेटामाइन (सिंथेटिक) ड्रग बरामद की गई है। आरोपी के बैग में तीन पैकेट में यह ड्रग रखी हुई थी।
बैग में छुपा रखी थी ड्रग
डीआरआई को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक तस्कर दिल्ली से बस के जरिए भोपाल अपने साथ ड्रग लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने पांच नवंबर गुरुवार को दोपहर सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास बस के पहुंचने पर संदिग्ध को रोककर तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के हल्के भूरे रंग के बैग से चमकीले चांदी रंग के तीन प्लास्टिक पैकेट मिले।
इनमें सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ भरा हुआ था। इसका कुल वजन 6.642 किलोग्राम पाया गया। एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पदार्थ एंफेटामाइन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरी खेप जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम-1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 75 साल की वृद्धा की बेरहमी से हत्या, गहने लूट के साथ सोने का नकली दांत भी उखाड़ ले गए बदमाश
बेंगलुरु के मामले में भी आरोपी पर केस
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी बेंगलुरु पुलिस द्वारा दर्ज एक अन्य एनडीपीएस मामले में जमानत पर बाहर था। इससे उसके पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में संलिप्त होने की जानकारी मिली है। आरोपी के सामान से 48,400 रुपये नकद भी बरामद हुए। पूछताछ में उसने यह रकम मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त होना स्वीकार किया। डीआरआई ने नकदी भी जब्त कर ली है और मामले में आगे की जांच जारी है।