विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का बवाल, पथराव में DM-SP समेत कई घायल; 11 घंटे जाम रहा NH-44

Published: Sat, 11 Jul 2026 08:05 AM (IST)Updated: Sat, 11 Jul 2026 10:21 AM (IST)

दतिया में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों ने NH-44 जाम कर पुलिस पर पथराव किया।

HighLights

  1. नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर समर्थकों का बवाल।

  2. NH-44 जाम कर पुलिस पर किया भारी पथराव।

  3. एसपी समेत 6 से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट न दिए जाने पर भारी बवाल हो गया है। नाराज समर्थकों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाईवे एनएच-44 को जाम कर दिया और पुलिस पर भारी पथराव किया, जिसमें कई पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दतिया के पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के अनुसार, शुक्रवार शाम से ही 3000 से अधिक उपद्रवियों ने शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने पहले बाजारों को बंद कराने का प्रयास किया और फिर शाम 6 बजे से ही हाईवे पर चक्का जाम करके बैठ गए।

naidunia_image

नरोत्तम मिश्रा के हजारों समर्थकों द्वारा NH-44 रोके जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लगभग 15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इस भीषण जाम का असर दतिया की सीमा से लगे पड़ोसी जिलों पर भी पड़ने लगा।

कलेक्टर और एसपी ने प्रदर्शनकारियों से बार-बार बातचीत कर रास्ता खाली करने की अपील की, लेकिन वे नहीं माने।

naidunia_image

तड़के 4 बजे पुलिस पर अचानक पथराव

एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि प्रशासन की तमाम अपीलों के बावजूद, शनिवार तड़के करीब 4 बजे प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस बल पर भारी पथराव शुरू कर दिया।

हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े, जिसके बाद उपद्रवियों ने पथराव और तेज कर दिया। इस हिंसक हमले में 6 से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान खुद एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी को भी चोटें आई हैं।

naidunia_image

उपद्रवियों को चेतावनी और पुलिस की सख्त कार्रवाई

पुलिस पर हमले के बाद सुरक्षा बलों ने दोबारा आंसू गैस का इस्तेमाल किया और इलाके में अपना दबदबा बनाते हुए भीड़ को खदेड़ दिया। एसपी के मुताबिक, उपद्रवी अब अलग-अलग जगहों पर छिप गए हैं। पुलिस ने उन्हें सख्त चेतावनी दी है कि वे या तो खुद आत्मसमर्पण कर दें या शांतिपूर्ण तरीके से वहां से चले जाएं।

naidunia_image

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सूरत में चक्का जाम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल, हाईवे से ट्रैफिक जाम को क्लियर कराया जा रहा है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे दतिया शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव में टिकट कटने पर नरोत्तम के समर्थक भड़के, बाजार कराया बंद; जिलाध्यक्ष समेत कई ने दिया इस्तीफा

यह भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी पर जताया भरोसा, नरोत्तम मिश्रा को लगा बड़ा झटका