विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दतिया उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी पर जताया भरोसा, नरोत्तम मिश्रा को लगा बड़ा झटका

Published: Fri, 10 Jul 2026 06:48 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 10 Jul 2026 09:08 PM (GMT+05:30)

दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को दरकिनार कर आशुतोष तिवारी को अपना प्रत्याशी घोषित ...और पढ़ें

आशुतोष तिवारी व डॉ. नरोत्तम मिश्रा।

आशुतोष तिवारी व डॉ. नरोत्तम मिश्रा।

HighLights

  1. भाजपा ने दतिया उपचुनाव में आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया।

  2. पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा की दावेदारी को पार्टी ने नकारा।

  3. राजेंद्र भारती की अयोग्यता के कारण दतिया में उपचुनाव हो रहा।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा ने दिग्गज नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को तगड़ा झटका दे दिया। पार्टी ने उनकी दावेदारी की प्रबल संभावना को दरकिनार करते हुए शुक्रवार को आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित कर दिया। दतिया से तीन बार के विधायक रहे नरोत्तम मिश्रा टिकट के प्रति इतने आश्वस्त थे कि उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था। 13 जुलाई को वह नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारी में थे। जनसंपर्क भी शुरू कर दिया था। दतिया में 30 जुलाई को मतदान होना है और चार अगस्त को परिणाम आएंगे।

प्रदेश इकाई ने भेजा था नरोत्तम का नाम

प्रदेश भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा का नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजा था लेकिन सर्वे आदि का हवाला देकर पार्टी ने आशुतोष पर दांव लगाया। आशुतोष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि के हैं। भोपाल और सागर संभाग के संगठन मंत्री रहे हैं। भाजपा की पिछली सरकार में वह मध्य प्रदेश गृह निर्माण मंडल में अध्यक्ष भी रहे। दतिया जिले के भांडेर तहसील के पिपरौआकलां निवासी आशुतोष की परिवारिक पृष्ठभूमि कृषि और ग्रामीण परिवेश से जुड़ी है। उनके पिता स्व. कुंजबिहारी कृषक थे और मां गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई संजीव तिवारी भांडेर के सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। आशुतोष को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का समर्थक माना जाता है।

बता दें, वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया से कांग्रेस के राजेंद्र भारती विजयी हुए थे लेकिन आर्थिक भ्रष्टाचार के एक मामले में दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें तीन वर्ष की सजा सुनाई थी। इसके बाद उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई थी और उपचुनाव की घोषणा हुई थी।

आशुतोष बोले- नरोत्तम हमारे अभिभावक

दतिया उप चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के बाद आशुतोष तिवारी भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन से भेंट की। इसके बाद मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा हमारे वरिष्ठ नेता है, वे मेरे प्रचार के लिए भी आएंगे। नरोत्तम मिश्रा की दावेदारी पर आशुतोष तिवारी ने कहा कि वे हमारे बहुत वरिष्ठ नेता है दावेदारी जैसा कुछ नहीं है, वे मेरे अभिभावक भी है। मुझे पार्टी ने अवसर दिया। इसके लिए मैं पार्टी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत, सजा बरकरार

दतिया से तीन बार विधायक रहे नरोत्तम

दतिया विधानसभा सीट से नरोत्तम मिश्रा लगातार तीन बार 2008, 2013 और 2018 में विधायक चुने गए थे। साल 2008 के परिसीमन में जब उनकी पुरानी सीट डबरा एससी के लिए आरक्षित हो गई, तब उन्होंने दतिया का रुख किया था। वह छह बार विधायक चुने जा चुके हैं और मध्य प्रदेश सरकार में गृह, कानून व जेल मंत्री जैसे कई बड़े पदों पर रहे हैं। परिसीमन के पहले वे डबरा से भी तीन बार विधायक रहे हैं। वर्ष 2023 में नरोत्तम मिश्रा कांग्रेस के राजेंद्र भारती के हाथों 7742 वोटों से हार गए थे।

कांग्रेस ने अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किया

कांग्रेस ने दतिया से फिलहाल प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। पार्टी पूर्व विधायक घनश्याम सिंह या अवधेश नायक के नाम पर विचार कर रही है। अवधेश नायक को कांग्रेस ने 2023 में पहले प्रत्याशी बनाया था, लेकिन बाद में बदलकर राजेंद्र भारती को टिकट दे दिया गया। सूत्रों ने बताया कि राजेंद्र भारती के स्वजन के नाम पर भी विचार किया गया, लेकिन अंतिम समय में भारती का परिवार ही पीछे हट गया।