विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दतिया उपचुनाव में टिकट कटने पर नरोत्तम के समर्थक भड़के, बाजार कराया बंद; जिलाध्यक्ष समेत कई ने दिया इस्तीफा

Published: Fri, 10 Jul 2026 09:53 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 10 Jul 2026 10:08 PM (GMT+05:30)

दतिया उपचुनाव में भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने ...और पढ़ें

दतिया में नरोत्तम के समर्थकों का हंगामा।

दतिया में नरोत्तम के समर्थकों का हंगामा।

HighLights

  1. नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने आशुतोष तिवारी को टिकट देने का विरोध किया।

  2. प्रदर्शनकारियों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे जाम कर बाजार बंद कराए।

  3. दतिया भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह ने अपने पद से इस्तीफा दिया।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद दतिया में पार्टी के भीतर खुला विरोध सामने आ गया। टिकट की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने भाजपा जिला कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। नाराज कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर धरना देकर प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

राजनीतिक हलकों में लंबे समय से यह माना जा रहा था कि भाजपा दतिया सीट से एक बार फिर डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर दांव लगाएगी। लेकिन पार्टी ने पूर्व मप्र हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। इस फैसले के बाद डॉ. मिश्रा समर्थकों की नाराजगी खुलकर सामने आ गई।

जिला कार्यालय से हाईवे तक विरोध

भाजपा जिला कार्यालय पर बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों ने प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के विरोध में भी नारे लगाए गए। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

बाजार बंद कराने निकले समर्थक

विरोध प्रदर्शन यहीं नहीं रुका। नाराज कार्यकर्ता बाजार बंद कराने के लिए शहर की सड़कों पर निकल पड़े। इसके चलते टाउन हॉल, बड़ा बाजार और किला चौक क्षेत्र की कई दुकानें बंद हो गईं, जिससे शहर में राजनीतिक माहौल और गरमा गया।

जिलाध्यक्ष समेत कइयों ने छोड़ा पद

टिकट वितरण से उपजे असंतोष के बीच दतिया के भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाह सहित जिला कार्यकारिणी ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। इसे पार्टी के भीतर बढ़ती नाराजगी का बड़ा संकेत माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- कौन हैं आशुतोष तिवारी? दतिया उपचुनाव में 'धुरंधर' को दरकिनार कर जिस नए चेहरे पर भाजपा ने लगाया दांव

दिल्ली जाकर करेंगे टिकट बदलने की मांग

डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने संकेत दिए हैं कि वे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर उम्मीदवार बदलने की मांग करेंगे। उनका कहना है कि टिकट वितरण के फैसले पर पुनर्विचार कराया जाएगा। भाजपा की सूची जारी होने के बाद दतिया में उभरे इस असंतोष ने उपचुनाव से पहले पार्टी के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।