चेहरा गोरा करने के नाम पर जहर! भोपाल में दवा दुकानों पर बिक रही खतरनाक पाकिस्तानी फेयरनेस क्रीम
केंद्र सरकार द्वारा प्रतिबंधित पाकिस्तानी 'गोरी' फेयरनेस क्रीम भोपाल में बेची जा रही है, जिसमें मानक से 5000 गुना अधिक ...और पढ़ें

पाकिस्तानी गोरी क्रीम। (सौजन्य: इंटरनेट मीडिया)
HighLights
प्रतिबंधित पाकिस्तानी 'गोरी' क्रीम भोपाल में अवैध रूप से बिक रही।
क्रीम में 5000 पीपीएम पारा, त्वचा के लिए अत्यधिक हानिकारक।
खाद्य विभाग ने मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर क्रीम जब्त की।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान के साथ व्यापार बंद है। केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद पाकिस्तान में बनी एक कथित गोरा बनाने की क्रीम भोपाल की दवा दुकानों में बिक रही है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को पुराने शहर के इब्राहिमपुरा इलाके में मारवाड़ी रोड स्थित न्यू पूनम मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर पाकिस्तान में बनी "गोरी" क्रीम की एक डिबिया पकड़ी है।
अधिकारियों ने बताया कि यह यूनानी दवाओं का स्टोर है, यहां से गोरी ब्यूटी क्रीम की एक डिब्बी मिली है। विभाग ने इसका पंचनामा बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दे दी है। ड्रग इंस्पेक्टर मनीषा रायखीरे ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम ने स्टोर पर दबिश दी थी। यहां से जो क्रीम मिली है, उसे टीम ने 360 रुपये में खरीदा था। दुकानदार ने विदेशी प्रोडक्ट बेचने के लिए केंद्र सरकार से कोई अनुमति नहीं ली थी।
प्रतिबंध के बाद भी गुपचुप पहुंच रही बाजार में
भोपाल के कॉस्मेटिक कारोबारी जगदीश साहू ने बताया कि कुछ महीने पहले यह क्रीम बाजार में खूब बिक रही थी। खासकर मुस्लिम समाज की महिलाओं में इसकी मांग अधिक थी। इस पर प्रतिबंध लगने के बाद अधिकतर दुकानों में यह नहीं आ रही है। हालांकि कुछ लोग चोरी-छिपे यह क्रीम उपलब्ध करा रहे हैं। सामान्य दुकानों पर एक भारतीय कंपनी की पंचवटी नाम वाली ऐसी ही दूसरी क्रीम उपलब्ध है। लोग उसी को विकल्प के तौर पर खरीद रहे हैं। कुछ लोग अब भी चोरी छिपे इसे बेच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गोरी नाम वाली यह क्रीम भोपाल समेत मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बाजारों में 380 से 800 रुपये में बिक रही है। कई दुकानदार इसे चाइना क्रीम या कोरियन क्रीम के नाम से भी बेच रहे हैं। ऑनलाइन प्लेटफार्म पर भी यह आसानी से मिल रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाली बेगमों की विरासत को फैशन बनाया, करीना कपूर खान को कांग्रेस नेता ने भेजा लीगल नोटिस; सार्वजनिक माफी की मांग
लैब जांच में मिला था 5000 पीपीएम पारा
दरअसल, लैब जांच में इस क्रीम में पारा और सीसा जैसे जहरीले भारी धातु पाए गए हैं। जांच में 5000 पीपीएम पारा मिला है, जबकि मानक के अनुसार यह एक पीपीएम से भी कम होना चाहिए। इससे चेहरा गोरा नहीं, बीमार हो रहा है। लंबे समय तक इस्तेमाल से चेहरा लाल रहना, नसें दिखना, झाइयां, जलन, दाने, त्वचा का बार-बार छिलना आम है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।