विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को पुलिस ने उठाया, भोपाल में मंत्रालय के बाहर धरने पर बैठे थे; स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग

Published: Wed, 09 Sep 2026 05:49 PM (IST)

कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को भोपाल में मंत्रालय के सामने प्रदर्शन करते हुए पुलिस ने हटाया। वे एक प्रसूता और ...और पढ़ें

विधायक अभय मिश्रा को धरना स्थल से उठाकर ले जाती पुलिस। (वीडियो ग्रैब)

विधायक अभय मिश्रा को धरना स्थल से उठाकर ले जाती पुलिस। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को भोपाल में पुलिस ने उठाया।

  2. सीबीआई जांच और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

  3. बिना अनुमति प्रदर्शन के कारण पुलिस ने उन्हें हटाया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को बुधवार को भोपाल में पुलिस ने उठा लिया। विधायक संजय गांधी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध गांधी स्मारक अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर मंत्रालय के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। वह इस मामले में उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग भी कर रहे थे।

पुलिस ने विधायक को धरना समाप्त करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस उन्हें वहां से उठाकर ले गई। बाद में उन्हें पीएसओ के साथ उनके घर भेज दिया गया।

विधायक को हटाने पर समर्थकों में आक्रोश

अभय मिश्रा को पुलिस द्वारा धरना स्थल से हटाए जाने की खबर फैलते ही उनके समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई। समर्थकों का आरोप है कि विधायक शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, ऐसे में उन्हें जबरन हटाना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

यह भी पढ़ें- बिना जांच जहरीली शराब बताकर ‘सागर गोल्ड’ पर लगाया बैन, जबलपुर के सहायक आबकारी आयुक्त को नोटिस

बिना अनुमति प्रदर्शन का पुलिस ने दिया हवाला

पुलिस के मुताबिक मंत्रालय के सामने धरना देने की अनुमति नहीं ली गई थी। इसी वजह से विधायक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें धरना स्थल से हटाया गया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी विधायक अभय मिश्रा को धरना स्थल से उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

विधायक की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही हिरासत में लिया गया है। इनको पीएसओ के साथ में घर भेजा गया है।
- जयहिंद शर्मा, थाना प्रभारी, एमपी नगर