विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM मोहन यादव का विदेश दौरा रद, सिंगापुर-दक्षिण कोरिया में निवेशकों से होनी थी चर्चा; विधानसभा सत्र को दी प्राथमिकता

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:09 PM (IST)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की 24 नवंबर से प्रस्तावित सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की विदेश यात्रा स्थगित हो गई है। यह निर्णय आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र की प्राथमिकता को देखते हुए लिया गया है, जहां उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्यमियों को आमंत्रित करना था।

सीएम डॉ. मोहन यादव। (फाइल फोटो)

सीएम डॉ. मोहन यादव। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री मोहन यादव का विदेश दौरा स्थगित हुआ।

  2. विधानसभा शीतकालीन सत्र की प्राथमिकता बनी वजह।

  3. ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए निवेश चर्चा होनी थी।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। अगले साल भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्यमियों को आमंत्रित करने और औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को लेकर 24 नवंबर से होने वाली मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विदेश यात्रा स्थगित हो गई है। 'एक्स' पर पोस्ट कर इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सात से 11 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र है। इसकी प्राथमिकता को देखते हुए दौरा स्थगित करने का निर्णय लिया है।

विधानसभा सत्र की तैयारियों की समीक्षा के बाद लिया फैसला

विदेश दौरा स्थगित करने से पहले मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा सत्र की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संभावित विधेयकों और सदन में प्रस्तुत किए जाने वाले अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसी के बाद मुख्यमंत्री ने सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की प्रस्तावित यात्रा रद करने का निर्णय लिया।

सिंगापुर में डेढ़ और दक्षिण कोरिया में ढाई दिन का था कार्यक्रम

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें 23 नवंबर को देर रात सिंगापुर के लिए रवाना होना था। डेढ़ दिन सिंगापुर और ढाई दिन का दक्षिण कोरिया का कार्यक्रम था। इसमें औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के लिए आमंत्रित करने के साथ निवेश की संभावनाओं पर संवाद करना था।

यह भी पढ़ें- MP पुलिस ने फर्जी सिम नेटवर्क पर किया बड़ा प्रहार... 504 संदिग्ध POS पर शिकंजा; 100 केस दर्ज, 80 गिरफ्तार

GIS के उद्घाटन के लिए PM मोदी को आमंत्रित करने की तैयारी

दूसरी ओर, प्रदेश सरकार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों में जुटी है। समिट का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कराने का प्रस्ताव है। हालांकि, आयोजन की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। सरकार का लक्ष्य देश-विदेश के निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।