विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपाष्टमी पर नीमच को 272 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, CM बोले- नीमच-मंदसौर को बनाएंगे इंडस्ट्रियल हब

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:31 PM (IST)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोपाष्टमी पर नीमच जिले को 271.99 करोड़ रुपये के 111 विकास कार्यों की सौगात दी। ...और पढ़ें

मनासा में कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम डॉ. मोहन यादव। (सौजन्य- जनसंपर्क विभाग)

मनासा में कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम डॉ. मोहन यादव। (सौजन्य- जनसंपर्क विभाग)

HighLights

  1. ₹271.99 करोड़ के 111 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन।

  2. नीमच-मंदसौर को औद्योगिक और पर्यटन केंद्र बनाने का ऐलान।

  3. जिला अस्पताल में 50 बिस्तरों का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनेगा।

डिजिटल डेस्क, नीमच। गोपाष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार, 17 नवंबर को नीमच जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मनासा के मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 271.99 करोड़ रुपये की लागत के 111 विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने मनासा में रोड शो किया, जहां सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए जुटे। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समाजों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नीमच-मंदसौर क्षेत्र को औद्योगिक और पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जा रहा है, जिससे रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। चीता परियोजना के चलते यह इलाका पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में भी उभरेगा।

ग्रीनको प्रोजेक्ट से 1920 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीनको कंपनी की परियोजना से 1920 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। इससे प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

कम वर्षा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र के भाग 6-4 के प्रावधानों के तहत हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि गांवों तक पक्की सड़क, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, नीमच, जावद, मनासा और मल्हारगढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित कार्य पूरे होने से आवागमन बेहतर होगा। किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

CM in neemuch programme 856958

सड़क, कॉलेज और छात्रावास निर्माण पर 146 करोड़ से अधिक खर्च

विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण और मजबूतीकरण के 13 कार्य शामिल हैं, जिन पर 124.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (भवन) के 21.82 करोड़ रुपये की लागत वाले आठ कार्य भी प्रस्तावित हैं।

इनमें शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में फर्नीचर, एसी, वॉल पैनल, ग्रीन हाउस, साउंड सिस्टम और विद्युत संबंधी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। जावद सब-जेल में जी+1 ड्यूप्लेक्स ब्लॉक आवास गृह बनेगा। नीमच में 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास का निर्माण भी किया जाएगा।

भादवामाता मंदिर परिसर में शेड, पार्किंग, 70 दुकानों और मंदिर के शिखर का निर्माण होगा। इसके अलावा सामनवती में नेताजी सुभाषचंद्र बोस 50 सीटर बालिका छात्रावास बनाया जाएगा। नगर पालिका नीमच के अंतर्गत चांदीपुरा एप्रोच से श्याम बुद्धिन दरगाह तक 1.10 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।

पुल, ग्रामीण सड़कें और गौशालाओं पर भी फोकस

जल संसाधन विभाग की नौ करोड़ रुपये की लागत वाली दो लघु सिंचाई परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। लोक निर्माण विभाग (सेतु) मनासा में सीतामऊ रोड के नाले पर 4.95 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल बनाएगा।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 32.89 करोड़ रुपये के छह कार्यों में मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के तहत नई गौशालाओं का निर्माण, शासकीय महाविद्यालयों और विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष तथा प्रयोगशालाओं का निर्माण शामिल है। नीमच, जावद और मनासा विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19 आंगनबाड़ी भवन भी बनाए जाएंगे।

मध्य प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के माध्यम से 42.24 करोड़ रुपये की लागत से 30 ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जाएगा। मनासा नगर परिषद के 5.71 करोड़ रुपये के कार्यों में आरएलबी चौराहे पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और स्विमिंग पूल का निर्माण शामिल है।

यह भी पढ़ें- शहडोल को मिली 357 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, CM मोहन ने किया बिरसा मुंडा प्रतिमा का अनावरण

स्कूलों में लैब, जिला अस्पताल में क्रिटिकल केयर ब्लॉक

शिक्षा विभाग के 5.80 करोड़ रुपये के चार कार्यों के तहत जीरन, सरवानिया महाराज और देवरी खवासा के शासकीय स्कूलों में भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान की प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। इसके साथ ही मिशन पंचायत से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत जिला चिकित्सालय में 17.04 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों वाला क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक बनाया जाएगा। इससे गंभीर मरीजों के उपचार की सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मनासा की ग्राम पंचायतों में 43 विकास कार्य

जनपद पंचायत मनासा के अंतर्गत 6.57 करोड़ रुपये की लागत से 43 कार्य किए जाएंगे। इनमें पंचायत भवन, सीसी रोड, सीसी नाली, सार्वजनिक शौचालय, सामुदायिक भवन और कम्युनिटी हॉल-डोम का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा अमृत सरोवर 2.0 के तहत डोडर, बारबड़िया, मंजिरिया, चिकली और फूलपुरा में पांच कार्य किए जाएंगे। कुंदवासा, भदवा, भदवास-रतनपुरा, महागढ़, केजाड़ा और भाटखेड़ी बुजुर्ग में छह आंगनबाड़ी भवन भी बनाए जाएंगे।

इन परियोजनाओं के जरिए जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और ग्रामीण सुविधाओं के विस्तार की योजना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।