झाबुआ की चंदा भाभर ने बदली गांव की तस्वीर, 500 महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर; रोजगार से लेकर सामाजिक सुधार में निभा रहीं भूमिका
झाबुआ के गुनावद गांव में चंदा भाभर ने महिलाओं को इकट्ठाकर कंपनी बना शुरू किया काम। आर्थिक संपन्नता के बाद ...और पढ़ें

हाथ में कागज लिए ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजना समझाती चंदा। (फोटो- जागरण)
HighLights
चंदा भाभर ने 500 से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया।
स्वयं सहायता समूह बनाकर आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त किया।
अवैध शराबबंदी और स्वास्थ्य सुधार में भी निभाई अहम भूमिका।
विशाल छटिए, झाबुआ। बदलाव के लिए बड़ी डिग्री नहीं, मजबूत इरादे और कुछ कर गुजरने का संकल्प चाहिए होता है। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में गुनावद गांव की 35 वर्षीय चंदा भाभर ने इसे अपने काम से साबित किया है। कभी परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति से परेशान रहने वाली चंदा अपने प्रयास से न केवल खुद आत्मनिर्भर हुईं, बल्कि उन्होंने गांव की 500 से अधिक महिलाओं को भी आत्मनिर्भरता की राह दिखाई।
इतना ही नहीं, अब ये महिलाएं मिलकर अपने अधिकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा और गांव की दूसरी समस्याओं के प्रति अन्य महिलाओं ओर लोगों को जागरूक भी कर रहीं हैं। पंचायत व प्रशासन के साथ मिलकर लोगों की समस्याओं का समाधान भी करा रही हैं।
स्व-सहायता समूह बनाकर शुरुआत
चंदा ने सबसे पहले महिलाओं को एकजुट कर विजयलक्ष्मी स्वयं सहायता समूह बनाया। शुरुआत छोटी थी। महिलाओं ने समूह के माध्यम से ऋण लिया और अपने स्तर पर रोजगार के साधन विकसित करने शुरू किए। इस सामूहिक प्रयास ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत होने का रास्ता दिखाया तो आगे बढ़ने का हौसला भी दिया।
कंपनी बनाकर कमाई के खोले रास्ते
इसी क्रम में 10 महिलाओं ने एक-एक हजार रुपये का योगदान देकर महिला किसान आदिवासी झाबुआ नाम से कंपनी बनाई। समूह ने सोयाबीन, गेहूं और मक्का की खरीद शुरू की। बाद में बीज तैयार कर किसानों को बाजार से कम कीमत पर उपलब्ध कराने और उनकी उपज खरीदने का काम भी शुरू हुआ। इस गतिविधि से समूह को सालाना दो लाख रुपये से अधिक की कमाई होने लगी।

जीवन में नजर आया बदलाव
इस बदलाव की असली तस्वीर उन महिलाओं के जीवन में दिखाई देती है, जिन्होंने समूह से जुड़कर अपनी आजीविका का रास्ता बनाया। भूरी सिंगाड़ ने दो लाख रुपये का ऋण लेकर पत्तल-दोना बनाने की मशीन खरीदी। अब वह प्रति महीने 15 से 20 हजार रुपये कमा रही हैं। अनिता चालर ने पांच लाख रुपये का ऋण लेकर तीन भैंसों के साथ दूध डेयरी शुरू की, जिससे उनकी मासिक आय 25 से 30 हजार रुपये तक पहुंच गई।
साथ मिलकर बनाए रोजगार के अवसर
समूह का लेनदेन संभालने वाली लीला भाभर को प्रति महीने आठ हजार रुपये मिलते हैं। समूह में दो ऑपरेटर भी काम कर रहे हैं। यानी महिलाओं ने एक-दूसरे का हाथ थामकर रोजगार के ऐसे अवसर तैयार किए, जिनसे कई परिवारों की आर्थिक स्थिति बदलने लगी। करीब 2000 आबादी वाले गुनावद में आज 43 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ये महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ गांव की तस्वीर बदलने में भी जुटी हैं।
गांव के फैसलों में भी सुनी जाती है महिलाओं की आवाज
चंदा के प्रयासों का दायरा रोजगार तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने समझा कि गांव की तस्वीर बदलने के लिए महिलाओं की भागीदारी आर्थिक गतिविधियों के साथ सामाजिक फैसलों में भी जरूरी है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और निगरानी समितियां बनाई गईं। इनके प्रमुखों को 10-10 महिलाओं के साथ जिम्मेदारी सौंपी गई। गांव और आसपास की 12 जगहों पर रात्रि चौपाल शुरू की गई, जहां ग्रामीण अपनी समस्याएं रखते हैं।
सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और जरूरतमंदों को उनका लाभ दिलाने का काम भी सामूहिक रूप से होने लगा। अब तक 30 से अधिक बुजुर्गों को पेंशन दिलाई गई। नवविवाहित महिलाओं के नाम राशन कार्ड में जुड़वाए गए और जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाए गए।
यह भी पढ़ें- मंच से बोले BAP विधायक कमलेश्वर डोडियार- 'क्या इस्तीफा दे दूं?' भीड़ ने कहा- 'दे दो'; वायरल हुआ वीडियो
अवैध शराब की बिक्री कराई बंद
गांव में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ भी महिलाओं ने एकजुट होकर आवाज उठाई और दुकान बंद कराने के लिए सामूहिक विरोध किया। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का मुद्दा सामने आया तो चंदा ने एएनएम की अनियमित उपस्थिति की शिकायत की। इसके बाद दूसरी एएनएम की व्यवस्था की गई।
इन प्रयासों के दौरान उन्हें अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा, लेकिन महिलाओं को संगठित करने का उनका प्रयास नहीं रुका। ग्राम पंचायत की सरपंच गमना भाभर और सचिव लच्छीराम डामर भी मानते हैं कि महिला समूहों ने गांव में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
अब सुविधाओं के साथ आगे बढ़ने का संकल्प
आज चंदा के साथ जुड़ी महिलाएं अपनी कमाई, समूह के संचालन और गांव की समस्याओं को लेकर पहले से अधिक सजग हैं। सामूहिक बैठकों और चौपालों के माध्यम से उनकी आवाज गांव के सामाजिक जीवन में जगह बना रही है। हालांकि, अभी भी कई जरूरतें बाकी हैं।
चंदा चाहती हैं कि गांव में महिलाओं के बैठने और सामूहिक गतिविधियों के लिए सामुदायिक भवन बने तथा अस्पताल की सुविधा उपलब्ध हो। खुद भी आगे पढ़ाई करने की उनकी इच्छा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।