विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अजनार नदी साफ करने उतरे 'बिट्टू तबाही' संक्रमण का शिकार, वीडियो शेयर कर बताया दर्द; बोले- अब स्वस्थ हूं

Published: Mon, 16 Nov 2026 11:17 PM (IST)

राजगढ़ के ब्यावरा निवासी सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही अजनार नदी की सफाई में जुटे हैं। इस दौरान दूषित ...और पढ़ें

बिट्टू तबाही (दूसरे चित्र में) इंटरनेट मीडिया पर साझा किए वीडियो में संक्रमण दिखाते हुए।

बिट्टू तबाही (दूसरे चित्र में) इंटरनेट मीडिया पर साझा किए वीडियो में संक्रमण दिखाते हुए।

HighLights

  1. बिट्टू तबाही अजनार नदी की सफाई में जुटे।

  2. दूषित पानी से त्वचा संक्रमण का शिकार हुए।

  3. उनके प्रयासों की इंटरनेट मीडिया पर सराहना हुई।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। नदियों को स्वच्छ बनाने की मुहिम अक्सर सरकारी अभियानों तक सीमित रह जाती है, लेकिन राजगढ़ जिले के ब्यावरा निवासी सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही ने इसे अपनी जिम्मेदारी बना लिया है। जनवरी 2026 से वह अजनार नदी की सफाई में जुटे हैं। नदी से प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन और दूसरे तरह का कचरा निकालने के दौरान उनकी सेहत पर भी असर पड़ा। दूषित पानी और कचरे के संपर्क में रहने से उनके हाथों और पैरों में खुजली, दर्द और त्वचा संक्रमण की समस्या हो गई।

बिट्टू ने सफाई अभियान के दौरान संक्रमित हुए अपने हाथों का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा किया है। इसके बाद उनके प्रयासों की सराहना हो रही है। लोग उनकी हिम्मत को सलाम करने के साथ जल्द स्वस्थ होने की कामना भी कर रहे हैं।

दूषित पानी में उतरकर की नदी की सफाई

सुरेंद्र सिंह चौधरी ने जनवरी में अजनार नदी के प्रदूषित हिस्से की सफाई का अभियान शुरू किया था। वह लगातार नदी में उतरकर पानी में जमा प्लास्टिक की बोतलें, थैलियां और अन्य कचरा बाहर निकाल रहे हैं।

हालांकि, उनकी मेहनत के बावजूद नदी में कचरा फेंकने का सिलसिला थम नहीं रहा है। लोग बार-बार नदी को गंदा कर देते हैं। ऐसे में सफाई अभियान के बाद भी नदी में प्रदूषण की समस्या बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बनी देश की पहली 'रेड टेबल टॉप' सड़क बदहाल, 122 करोड़ खर्च के बाद भी दिखने लगे गड्ढे; विशेष मार्किंग उखड़ी

त्वचा संक्रमण की चपेट में आए

लगातार दूषित पानी और कचरे के संपर्क में रहने के कारण बिट्टू के हाथों और पैरों में खुजली, दर्द और त्वचा संक्रमण की शिकायत हुई। उन्हें इसके लिए नियमित दवाएं भी लेनी पड़ीं।

बताया गया कि सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने के बावजूद दूषित पानी में उतरने और कचरे के सीधे संपर्क में आने से उनकी त्वचा प्रभावित हुई। अपने संक्रमित हाथों का वीडियो साझा कर उन्होंने नदी की सफाई में आने वाली परेशानियों को सामने रखा।

लोगों ने की पहल की सराहना

वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोग बिट्टू तबाही के प्रयासों की प्रशंसा कर रहे हैं। कई लोगों ने नदी में कचरा फेंकने वालों के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि सफाई की जिम्मेदारी केवल कुछ लोगों की नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की है। बिट्टू ने बताया कि करीब पांच दिन पहले उन्हें संक्रमण हुआ था, लेकिन अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।