'हमें मिठाई मत खिलाओ… तुमने तो पूरी भाजपा को शुगर कर दिया', बीना विधायक निर्मला पर महेश राय की चुटकी से गूंजे ठहाके
बीना विधायक निर्मला सप्रे ने पूर्व विधायक महेश राय को मिठाई खिलाई, जिस पर राय ने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने पूरी भाजपा को शुगर कर दिया। यह मुलाकात राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल के आगमन पर हुई, जहां दोनों नेताओं ने सहजता से बातचीत की और शहर के विकास पर चर्चा की।

पूर्व विधायक महेश राय को मिठाई खिलातीं विधायक निर्मला सप्रे।
HighLights
निर्मला सप्रे ने महेश राय को मिठाई खिलाई।
महेश राय ने भाजपा को शुगर करने की चुटकी ली।
सांसद रजनीश अग्रवाल ने माहौल सहज बनाया।
डिजिटल डेस्क, बीना। विधायक निर्मला सप्रे ने पूर्व विधायक महेश राय को मिठाई खिलाई तो उन्होंने बुंदेलखंडी अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा- 'निर्मला, हमें मिठाई मत खिलाओ, तुमने तो पूरी भाजपा को शुगर कर दिया।' उनकी इस टिप्पणी पर भाजपा कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ता ठहाके लगाने लगे। रविवार को राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल के नगर आगमन पर हुई यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई।
2023 के चुनाव में निर्मला ने महेश राय को हराया था
दरअसल, 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में निर्मला सप्रे ने भाजपा के महेश राय को हराया था। बाद में उन्होंने पाला बदल लिया और भाजपा के साथ चली गईं। चुनाव के बाद पहली बार दोनों नेता इस तरह सार्वजनिक रूप से एक साथ नजर आए। मौका राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल के आगमन का था।
रजनीश अग्रवाल ने बैठाया आजू-बाजू
उनके साथ निर्मला सप्रे अटल मंच के पास स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचीं। यहां महेश राय और उनके समर्थकों ने सांसद का स्वागत किया। मिठाई खिलाने के दौरान महेश राय की टिप्पणी पर निर्मला सप्रे ने भी सहजता से जवाब दिया। माहौल को हल्का रखते हुए सांसद अग्रवाल ने दोनों नेताओं को अपने अगल-बगल बैठाया और कहा कि आप दोनों हमारे प्रिय हैं, हम आप दोनों को नहीं छोड़ेंगे।
यह भी पढ़ें- भोपाल में सीएम मोहन ने किया बरखेड़ा नाथू खेल परिसर का उद्घाटन, सुखविंदर के 'जय हो' पर झूम उठा स्टेडियम
इसके बाद चर्चा शहर के विकास और रिफाइनरी क्षेत्र की एनडीजेड समस्या पर केंद्रित हो गई। स्थानीय लोगों के सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि वे अधिकारियों से जानकारी लेकर समाधान का प्रयास करेंगे। जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को सदन में भी उठाएंगे।