विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीना में पटाखे चलाने पर खूनी विवाद: 30-40 लोगों ने युवक को घेरा; चाकू से किए पांच वार

Published: Mon, 09 Nov 2026 04:06 PM (IST)

सागर जिले के बीना में दीपावली पर पटाखे चलाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले ...और पढ़ें

घायल युवक के परिजन व अन्य ने किया चक्काजाम।

घायल युवक के परिजन व अन्य ने किया चक्काजाम।

HighLights

  1. अपने घर के सामने पटाखे फोड़ रहा था युवक, हुआ विवाद।

  2. घायल के स्वजन ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर उठाए सवाल।

  3. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गांधी चौराहे पर चक्काजाम।

डिजिटल डेस्क, सागर। प्रदेश के सागर जिले के बीना में दीपावली पर पटाखे चलाने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शिवाजी वार्ड में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे 32 वर्षीय संजय आदिवासी पर 30 से 40 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान संजय पर चाकू से पांच वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे पहले बीना के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने सागर रेफर किया, जहां से भोपाल ले जाने की सलाह दी गई।

घर के सामने पटाखे चला रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक, शिवाजी वार्ड निवासी संजय आदिवासी दीपावली की रात अपने घर के सामने पटाखे चला रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद के कुछ समय बाद 30 से 40 लोग एकत्रित होकर वहां पहुंचे और संजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया। हमले में उनके शरीर पर पांच गंभीर घाव आए।

बीना से सागर, फिर भोपाल ले जाने की सलाह

हमले के बाद परिजन संजय को तत्काल सिविल अस्पताल बीना लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सागर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, सागर में भी चिकित्सकों ने हालत चिंताजनक बताते हुए उन्हें भोपाल ले जाने की सलाह दी।

डायल 112 की भूमिका पर परिजनों ने उठाए सवाल

घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वारदात की रात ही डायल 112 पर सूचना दी गई थी। पुलिस वाहन का स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन बिना कोई कार्रवाई किए लौट गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो स्थिति को संभाला जा सकता था।

यह भी पढ़ें- सागर में नर्मदा स्नान के लिए निकले श्रद्धालुओं की कार कंटनेर से टकराई, 4 की मौत; 5 घायल

गांधी चौराहे पर किया चक्काजाम

मंगलवार सुबह करीब 9 बजे संजय के परिजन और बेरखेड़ी टांडा से आए परिवार के अन्य सदस्य गांधी चौराहे पर एकत्रित हो गए। उन्होंने हमले के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।

पुलिस के आश्वासन के बाद माने

चक्काजाम की सूचना पर छोटी बजरिया प्रभारी आरके जोरम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे परिजनों से बातचीत की और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

परिजनों ने हमले के मामले में अंकित यादव, ललित यादव, कैलाश यादव और अंशुल यादव सहित अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। सभी आरोपित ग्वालटोली निवासी बताए गए हैं। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।