बीना विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट! निर्मला सप्रे की विधायकी पर फैसला करीब, भाजपा ने शुरू की तैयारी
बीना विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर विधायक निर्मला सप्रे के दलबदल मामले पर विधानसभा अध्यक्ष जल्द फैसला लेंगे। भाजपा ने संभावित उपचुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है, जबकि कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई सक्रियता नहीं दिख रही है।

बीना विधायक निर्मला सप्रे, पूर्व विधायक महेश राय व राज्यसभा सदस्य रजनीश अग्रवाल विक्ट्री का साइन दिखाते हुए। (फाइल फोटो)
HighLights
निर्मला सप्रे के दलबदल पर सुप्रीम कोर्ट का निर्देश।
विधानसभा अध्यक्ष 60 दिन में लेंगे अंतिम निर्णय।
भाजपा ने बीना उपचुनाव की तैयारी की शुरू।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। सागर जिले की बीना विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। यहां की विधायक निर्मला सप्रे पर दलबदल का आरोप है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने चार नवंबर को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को निर्मला सप्रे के दलबदल मामले में 60 दिन में निर्णय करने के निर्देश दिए हैं।
संभावना जताई जा रही है कि विधानसभा के सात दिसंबर से प्रारंभ हो रहे शीतकालीन सत्र के बाद निर्णय हो जाएगा। चूंकि निर्मला सप्रे भाजपा के साथ ही दिखाई दे रही हैं और कांग्रेस उन्हें साथ रखने को तैयार नहीं, इसलिए उपचुनाव की संभावना बनती दिख रही है।
निर्मला-महेश के बीच तालमेल बैठाने की कोशिश
उधर, भाजपा ने चुनाव की तैयारी प्रारंभ कर दी है। राज्यसभा सदस्य रजनीश अग्रवाल ने निर्मला सप्रे और वर्ष 2023 का विधानसभा उनसे हारने वाले भाजपा के पूर्व विधायक महेश राय के साथ बैठक भी की। दरअसल, निर्मला सप्रे के भाजपा के साथ आने के बाद संभावित उपचुनाव की स्थिति में टिकट की दावेदारी और स्थानीय नेतृत्व के बीच तालमेल बैठाना पार्टी के लिए एक बड़ा विषय बना हुआ है।
कांग्रेस की सुस्ती बरकरार
इसी तल्खी को दूर करने के लिए रजनीश अग्रवाल बीना गए थे। पार्टी का यह कदम ही उपचुनाव की आहट प्रतीत हो रहा है। उधर, कांग्रेस की उपचुनाव को लेकर मैदानी स्तर पर कोई तैयारी नजर नहीं आ रही है और पार्टी ने कोई समिति भी नहीं बनाई है, जैसी दतिया उपचुनाव को लेकर बनाई गई थी।
मई 2024 में भाजपा के मंच पर दिखी थीं निर्मला सप्रे
बता दें, निर्मला सप्रे 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर बीना सीट से विधायक चुनी गई थीं, लेकिन लोकसभा चुनाव के दौरान मई 2024 में उनके भाजपा के मंच पर दिखने के बाद दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता याचिका दायर की गई थी।
यह भी पढ़ें- सागर में शराब से मौतों के बाद प्रशासन अलर्ट, आदतन शराबियों की जांच करने दुकानों पर पहुंची मेडिकल टीम; दी समझाइश
रामनिवास रावत की हार से भाजपा ने रोके थे कदम
पूर्व मंत्री रामनिवास रावत की उपचुनाव में हार के बाद भाजपा बीना उपचुनाव करवाने से कतरा रही थी। रामनिवास भी वर्ष 2023 में कांग्रेस की टिकट पर विजयपुर से विधायक बने थे और लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान विधानसभा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्हें मोहन सरकार में वन मंत्री बनाया गया था।
जब उपचुनाव हुआ तो भाजपा प्रत्याशी के रूप में रामनिवास चुनाव हार गए थे। इसके बाद ही भाजपा ने निर्मला सप्रे के मामले का लंबा खींचना उचित समझा। कांग्रेस लगातार यह आरोप लगाती रही है कि विजयपुर की हार के बाद भाजपा उपचुनाव का सामना करने से बच रही है और इसी वजह से निर्मला सप्रे की अयोग्यता याचिका पर निर्णय में देरी हुई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।