भोपाली बटुओं ने दिल्ली में बढ़ाया मध्य प्रदेश का मान, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मिला पहला पुरस्कार
भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में मध्य प्रदेश के 'एक जिला-एक उत्पाद' (ODOP) को 'बेस्ट डिस्प्ले' श्रेणी में पहला स्थान मिला है। भोपाली बटुओं और शिल्पकार अफरोज जहां के नए डिजाइनों ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे प्रदेश की हस्तकला को राष्ट्रीय पहचान मिली।

अफरोज जहां भोपाली बटुओं के आर्ट वर्क को दे रहीं नया रूप।
HighLights
मध्य प्रदेश के ODOP को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 'बेस्ट डिस्प्ले' पुरस्कार।
भोपाली बटुओं और अफरोज जहां की कारीगरी ने राष्ट्रीय पहचान दिलाई।
यह उपलब्धि प्रदेश की हस्तकला को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करती है।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 में मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम के एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित मेले में मध्य प्रदेश को ‘बेस्ट डिस्प्ले’ श्रेणी में पहला स्थान मिला है। इस उपलब्धि में भोपाल की पारंपरिक हस्तकला और भोपाली बटुओं की विशेष भूमिका रही।
शहर की शिल्पकार अफरोज जहां द्वारा तैयार किए गए आकर्षक बटुओं और उनके नए डिजाइनों ने मेले में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। 13 से 27 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में देश के विभिन्न राज्यों के 300 से अधिक कारीगर और शिल्पकार हिस्सा ले रहे हैं। यहां अलग-अलग प्रदेशों की पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, उत्पादों और स्थानीय हुनर को प्रदर्शित किया जा रहा है।
ऐसे बड़े मंच पर मध्यप्रदेश के ओडीओपी को पहला स्थान मिलना प्रदेश की हस्तकला और स्थानीय उत्पादों की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले गुजरात के केवड़िया में आयोजित कारीगर मेले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अफरोज जहां की कारीगरी का अवलोकन कर उनकी प्रंशसा की।
25 वर्षों से बटुओं को दे रहीं नया रूप
भोपाल के श्यामला हिल्स क्षेत्र में रहने वाली अफरोज जहां पिछले करीब 25 वर्षों से भोपाली बटुए बनाने के काम से जुड़ी हैं। पारंपरिक भोपाली बटुए की कारीगरी को उन्होंने नए डिजाइन और आधुनिक रूप देकर आगे बढ़ाया है। उनके बनाए बटुए पारंपरिक कला के साथ बदलते समय की पसंद को भी ध्यान में रखते हैं। यही वजह है कि उनके आर्ट वर्क को व्यापार मेले में विशेष सराहना मिली।
भोपाली बटुआ शहर की पारंपरिक हस्तकला और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा रहा है। इसकी बारीक कारीगरी, आकर्षक डिजाइन और रंगों का संयोजन इसे विशिष्ट बनाता है। अफरोज जहां ने इस पारंपरिक कला को नए प्रयोगों के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। उनके उत्पादों के माध्यम से भोपाल की स्थानीय कला को देश के बड़े मंच पर प्रदर्शित होने का अवसर मिला।
स्थानीय हुनर को मिला राष्ट्रीय मंच
हस्तशिल्प विकास निगम के अरविंद शर्मा ने बताया कि भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में मध्यप्रदेश को मिला पहला स्थान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि प्रदेश के कारीगरों और पारंपरिक उत्पादों की मेहनत का सम्मान भी है।
ओडीओपी योजना का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाना, कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना और पारंपरिक हुनर को आर्थिक अवसरों से जोड़ना है। भोपाली बटुओं की इस उपलब्धि ने साबित किया है कि स्थानीय कला में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने की क्षमता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।