भोपाल में डंपर ने महिला पत्रकार को कुचला, स्कूटी से गिरते ही सिर के ऊपर से गुजरा पहिया; मौके पर मौत
भोपाल के भदभदा चौराहे पर एक भीषण सड़क हादसे में महिला पत्रकार सपना कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक ...और पढ़ें

सड़क हादसे में महिला पत्रकार (इनसेट में) की दर्दनाक मौत।
HighLights
भदभदा चौराहे पर सुशासन भवन के सामने हुआ हादसा।
बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली थी मृतक महिला पत्रकार।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भदभदा चौराहे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक टैक्सी स्कूटी पर सवार महिला पत्रकार की दर्दनाक मौत हो गई। डंपर को ओवरटेक कर आगे निकलने के बाद सामने मेट्रो की बैरिकेडिंग देखकर बाइक टैक्सी चालक ने स्कूटी मोड़ी, तभी पास से गुजर रही बाइक ने कट मार दिया। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहे मलबे से भरे 12 पहिया डंपर का पहिया महिला पत्रकार के सिर और हाथ के ऊपर से गुजर गया। इससे महिला पत्रकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी राइडर भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कमलानगर थाना पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है।
बिहार की रहने वाली थी मृतका
पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय सपना कुमारी मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली थीं। भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद वह एक मीडिया संस्थान में नौकरी कर रही थीं। वह नीलबड़ में किराये से रहती थीं और उनका कार्यालय टीटी नगर क्षेत्र में है। रविवार सुबह करीब आठ बजे उन्होंने कार्यालय जाने के लिए बाइक टैक्सी बुक की थी। नीलबड़ निवासी टैक्सी राइडर प्रवीण मिश्रा उन्हें स्कूटी से लेकर जा रहे थे।
गिरते ही डंपर ने चपेट में लिया
भदभदा चौराहे पर रोटरी के आगे रातीबड़ की ओर से आ रहे डंपर को ओवरटेक करने के बाद स्कूटी के सामने मेट्रो की बैरिकेडिंग आ गई। चालक ने रास्ता बदलने के लिए स्कूटी मोड़ी, तभी एक बाइक ने कट मार दिया। इससे प्रवीण और सपना सड़क पर गिर पड़े। पीछे से आ रहे डंपर का पहिया सपना के सिर और हाथ के ऊपर से निकल गया। प्रवीण सड़क पर घिसटने से हाथ-पैर में चोट लगने के कारण घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- MP में लिफ्ट के लिए रजिस्ट्रेशन-इंश्योरेंस अनिवार्य, बिना फिटनेस सर्टिफिकेट संचालन हुआ तो होगी कार्रवाई
चालक की तलाश जारी
कमलानगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि डंपर जब्त कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। डंपर के परिवहन संबंधी दस्तावेज सुबह नौ बजे तक के दिखाए गए हैं। पुलिस उनकी जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।