विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्विशा की मौत के बाद 11 घंटे तक किससे होती रही बात? सास गिरिबाला के फोन से किए 30 कॉल ने मचाई खलबली

Published: Thu, 21 May 2026 09:31 PM (IST)

भोपाल के ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच नए मोड़ पर आ गई है, जहां आरोपित सास गिरिबाला सिंह द्वारा ...और पढ़ें

गिरिबाला सिंह व ट्विशा शर्मा।

गिरिबाला सिंह व ट्विशा शर्मा।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच अब नए मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। मामले में आरोपित रिटायर्ड जज और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। जांच के दौरान सामने आए नए तथ्यों के आधार पर पुलिस अतिरिक्त धाराएं जोड़ने की तैयारी में है।

जांच एजेंसियों को प्राप्त कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के अनुसार ट्विशा की मौत के बाद लगभग 11 घंटे के भीतर गिरिबाला सिंह ने करीब 30 फोन कॉल किए थे। अब ये कॉल भी जांच के दायरे में आ गए हैं। ट्विशा के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि इनमें कई कॉल पूर्व न्यायिक अधिकारियों, प्रभावशाली व्यक्तियों और घर के सीसीटीवी सिस्टम की देखरेख करने वाले तकनीशियन को किए गए थे।

परिजनों ने उठाए घटनाक्रम पर सवाल

मृतका के परिवार ने सवाल उठाया है कि घटना के बाद पुलिस को तत्काल सूचना देने के बजाय अन्य लोगों से संपर्क किया गया। उनका कहना है कि घर से कुछ दूरी पर ही पुलिस चौकी मौजूद थी, इसके बावजूद पहले सीसीटीवी सिस्टम से जुड़े व्यक्ति को बुलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घर से सीसीटीवी की डीवीआर जब्त की थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले रिकॉर्ड हुए फुटेज में कैमरों की तारीख और समय सही दर्ज नहीं थे। इसके बाद जांच एजेंसियां तकनीकी पहलुओं को लेकर और सतर्क हो गई हैं।

CCTV पासवर्ड को लेकर भी सवाल

डीसीपी जोन-2 विकास सहवाल के अनुसार गिरिबाला सिंह को पूछताछ के लिए कई नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक वह एसआईटी के समक्ष उपस्थित नहीं हुई हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी सिस्टम का पासवर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिसे जांच में सहयोग नहीं करने के रूप में देखा जा रहा है।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा है कि यदि अगली बार भी पूछताछ में उपस्थिति नहीं होती है, तो अदालत में अग्रिम जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

अंतिम वीडियो में राधे-कृष्ण का जाप करती दिखी ट्विशा

मामले में अब डिजिटल और तकनीकी साक्ष्य भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए हैं। ट्विशा के पिता ने मीडिया को एक वीडियो जारी किया है, जिसे मौत से कुछ देर पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में ट्विशा राधे-कृष्ण का जाप कर उस पर नृत्य करती दिखाई दे रही है। परिवार का कहना है कि इससे साफ है कि वह किसी मानसिक अवसाद में नहीं थी।

वहीं, इंटरनेट मीडिया पर गिरिबाला का एक कथित ऑडियो भी प्रसारित हो रहा है। इसमें वह टि्वशा के संबंध में आक्रोशित लहजे में कई गंभीर और आपत्तिजनक बातें कहती सुनाई दे रही हैं। पुलिस ने वीडियो और ऑडियो दोनों को जांच का हिस्सा बनाते हुए उनकी फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

ट्विशा के भाई मेजर हर्षित को एसआईटी से जोड़ा

टि्वशा के मायके द्वारा पुलिस कार्रवाई पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। इस बीच पुलिस ने मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा को एसआइटी की जांच प्रक्रिया से सीधे जोड़ दिया है। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें जांच की हर वैधानिक कार्रवाई की लाइव अपडेट दी जा रही है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

यह भी पढ़ें- ट्विशा केस में अब ऑडियो टेप से मचा बवाल, सास गिरिबाला ने कहा 'चरित्रहीन', परिवार के भीतर की बातचीत आई सामने