ट्विशा केस में अब ऑडियो टेप से मचा बवाल, सास गिरिबाला ने कहा 'चरित्रहीन', परिवार के भीतर की बातचीत आई सामने
भोपाल के ट्विशा शर्मा सुसाइड मामले में एक कथित ऑडियो टेप सामने आया है, जिसमें ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल का बहुचर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड मामला हर दिन नए मोड़ ले रहा है। अब सामने आए एक कथित ऑडियो टेप ने इस हाई-प्रोफाइल मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। वायरल ऑडियो में ट्विशा की रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह तथा ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा के बीच हुई तीखी बातचीत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ट्विशा के चरित्र पर उठाए सवाल
'टाइम्स ऑफ इंडिया' के अनुसार इस कथित ऑडियो में गिरिबाला सिंह मृतका ट्विशा के निजी जीवन और विवाह से पहले के संबंधों को लेकर सवाल उठाती सुनाई दे रही हैं। बातचीत के दौरान वह यह तर्क देती हैं कि परिवार को बहू के अतीत और उसके व्यवहार के बारे में जानने का अधिकार है। वह यहां तक कहती सुनाई देती हैं कि 'अनैतिक संबंध एक आदत हो सकती है।' ट्विशा पर और भी कुछ गंदे आरोप लगाए गए हैं। ऑडियो में कथित तौर पर विवाह के बाद रिश्तों और भरोसे को लेकर भी कई टिप्पणियां की गई हैं।
मेजर भाई ने किया प्रतिवाद
ऑडियो के दूसरे हिस्से में मेजर हर्षित शर्मा अपनी बहन को लेकर पूछे गए सवालों और उस पर लगाए गए आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताते सुनाई देते हैं। उन्होंने कथित तौर पर सवाल उठाया कि अपनी ही बहू से इस तरह के व्यक्तिगत और चरित्र से जुड़े प्रश्न कैसे पूछे जा सकते हैं। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच माहौल काफी तनावपूर्ण नजर आता है।
इसी कथित रिकॉर्डिंग में यह दावा भी सामने आया है कि ट्विशा ने अपने भाई से पति समर्थ सिंह द्वारा मानसिक प्रताड़ना और अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल की शिकायत की थी। हालांकि, इन दावों और बातचीत की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने वायरल ऑडियो को जांच के दायरे में शामिल कर लिया है।
